मतभेद और विवाद को बढ़ते देख अब ये कहा जा रहा है कि नाटो नेता बुधवार को उसकी एकजुटता बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। ट्रंप का इस मुद्दे पर जर्मन चांसलर एंजेला मर्कल से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
फ्रांस के राष्ट्रपति बयान पर कायम
फ्रांस के राष्ट्रपति द्वारा नाटो को ‘ब्रेन डेड’ वाले बयान पर शुरू हुई तकरार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। ट्रंप द्वारा पेरिस को देख लेने की बात कहने के बाद मैक्रों ने भी कह दिया कि वे अपने बयान पर कायम हैं और कायम रहेंगे।
नाटो सदस्य तुर्की के उपद्रव से भी चिंतित हैं। नाटो के महासचिव जेंस स्टॉल्टनबर्ग ने कहा कि तुर्की का उपद्रव अपने चरम पर है और उसका समाधान नहीं हो सका है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने तुर्की के सीरियाई विद्रोहियों के साथ मिलकर कुर्द बलों पर हमले और एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की खरीद के बारे में स्पष्टीकरण देने की मांग की है। वहीं तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यपा एर्दोगन ने रूस के खिलाफ बाल्टिक गणराज्य के संरक्षण को लेकर नाटो के प्रयास को विफल करने की धमकी दे डाली है। इसी के बाद नाटो इस कोशिश में है कि आपसी मतभेद कहीं उस पर हावी न हो जाए।
शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच हुई तनातनी सभी नाटो नेताओं के बीच चर्चा का विषय रही। ब्रिटेन के बकिंघम पैलेस में आयोजित रिसेप्शन पार्टी में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, और नीदरलैंड के नेता आपस में हंसी-मजाक करते हुए कैमरे में कैद हुए। वीडियो में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से कह रहे हैं कि ‘आप इसलिए लेट हो गए’।
इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि ‘वह इसलिए लेट हो गए क्योंकि उन्होंने 40 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की है’। मालूम हो कि मंगलवार को ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मैक्रों पर उनके ब्रेन डेड वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘मैं पेरिस को देख लूंगा।’ ट्रंप ने वायरल वीडियो पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को दो चेहरे वाला इंसान बता दिया, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि ट्रूडो ईमानदार इंसान हैं।