नाटो प्रमुख मार्क रट ने गठबंधन के सदस्यों से आह्वान किया है कि उन्हें रूस से बढ़ते खतरे का मुकाबला करने के लिए अपनी वायु और मिसाइल रक्षा को 400 फीसदी तक बढ़ाना होगा। सैन्य गठबंधन प्रमुख रट लंदन की यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ते खतरे और अस्थिरता के समय नाटो को अपनी सामूहिक सुरक्षा को मजबूत बनाना होगा।
नाटो प्रमुख रट ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से 10 डाउनिंग स्ट्रीट में मुलाकात करने वाले हैं। उनकी यह मुलाकात नीदरलैंड में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले हो रही है, जिसमें 32 देशों का गठबंधन सैन्य खर्च बढ़ाने पर फैसला कर सकता है।
ब्रिटिश रक्षा खर्च को बढ़ाने की योजना बना रहे स्टार्मर
रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला किया, जिसके बाद से ब्रिटेन समेत नाटो के अन्य सदस्य देशों ने अपने रक्षा बजट पर दोबारा विचार करना शुरू कर दिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा है कि वह 2027 तक ब्रिटिश रक्षा खर्च को सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 2.5 फीसदी और 2034 तक तीन फीसदी बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Russia Ukraine War: रूस का यूक्रेन पर सबसे बड़ा हमला; रातभर में 479 ड्रोन लॉन्च किए, मिसाइलें भी दागीं
नाटो प्रमुख ने सैन्य गठबंधन के सदस्यों को ये दिया सुझाव
नाटो प्रमुख रट ने सुझाव दिया है कि गठबंधन के सदस्यों को सैन्य खर्च पर आर्थिक उत्पादन 3.5 फीसदी और सड़कों, पुलों, हवाई क्षेत्रों, समुद्री बंदरगाहों पर 1.5 फीसदी खर्च करना चाहिए, जो रक्षा से जुड़े हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था कि उन्हें विश्वास है कि सैन्य गठबंधन 24-25 जून को हेग में अपने शिखर सम्मेलन के दौरान इस लक्ष्य पर सहमत हो जाएगा। फिलहाल नाटो के 32 में से 22 देश पहले ही नाटो के 2 फीसदी के लक्ष्य को पूरा करते हैं या उससे ज्यादा खर्च कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप की मांग को पूरा करेगा नया प्रस्ताव
नाटो प्रमुख ने कहा कि ये नया प्रस्ताव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस मांग को पूरा करेगा, जिसमें उन्होंने कहा था कि नाटो देश अपने सकल घरेलू उत्पाद का 5 फीसदी रक्षा पर खर्च करें। ट्रंप लंबे समय से नाटो के मूल्य पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने शिकायत की है कि अमेरिका उन यूरोपीय देशों को सुरक्षा प्रदान करता है, जो पर्याप्त योगदान नहीं देते हैं।
ये भी पढ़ें: US: 12 देशों के नागरिकों पर लगा यात्रा प्रतिबंध लागू हुआ, अमेरिकी दूतावासों को जारी हुए दिशा-निर्देश
अपने भाषण में यह कहने की योजना बना रहे रट
नाटो प्रमुख रट लंदन के चैथम हाउस थिंक टैंक में एक भाषण में यह कहने की योजना बना रहे हैं कि नाटो को हजारों बख्तरबंद वाहनों व लाखों और तोपों की जरूरत है। साथ ही हवाई और मिसाइल रक्षा में 400 फीसदी वृद्धि की जरूरत है। रट का कहना है कि हमने देखा है कि रूस कैसे यूक्रेन पर हवाई हमले करता है। इसलिए हमें अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत बनाना होगा। सपनों में जीने से हम सुरक्षित नहीं रह सकते। सिर्फ उम्मीद करना कोई रणनीति नहीं है। नाटो को एक मजबूत, निष्पक्ष और प्रभावशाली संगठन बनना होगा।
संबंधित वीडियो