भारतीय अमेरिकी एयरोस्पेस विशेषज्ञ एसी चारणिया को नासा ने अपना चीफ टेक्नोलॉजिस्ट नियुक्त किया है। वह प्रौद्योगिकी नीति और अंतरिक्ष कार्यक्रमों पर नासा चीफ बिल नेल्सन के प्रमुख सलाहकार के रूप में काम करेंगे।
भव्या लाल की जगह लेंगे चारणिया
एसी चारणिया, भातरवंशी भव्या लाल की जगह लेंगे। भव्या लाल नासा की एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर हैं। वह कार्यवाहक चीफ टेक्नोलॉजिस्ट के रूप में अब तक चारणिया का काम भी देख रहीं थीं। भव्या लाल ने कहा, नासा के हर मिशन में तकनीक की भूमिका अहम रहती है। ऐसे में तेजी से बदलते प्रौद्योगिकी सेक्टर के प्रबंधन में अनुभवी एसी चारणिया को नासा में देखने के लिए उत्सुक हूं।
अमेरिकी टोल रोड प्राधिकार में निदेशक बने स्वपन धैर्यवान
टेक्सास प्रांत में फोर्ट बेंड टॉल रोड अथॉरिटी और ग्रांड पार्कवे टॉल रोड अथॉरिटी के निदेशक मंडल में भारतीय मूल के स्वपन धैर्यवान को शामिल किया गया है। प्रीसिंक्ट थ्री के आयुक्त एंडी मेयर्स ने ग्रांड पार्कवे टॉलवे के निदेशक मंडल में धैर्यवान की नियुक्ति का ऐलान करते हुए कहा कि वह एक प्रमाणित सार्वजनिक लेखाकार हैं और जनता के पैसे की अच्छी देखभाल की अहमियत समझते हैं। इस स्वायत्तशासी निकाय के निदेशक के तौर पर 57 वर्षीय धैर्यवान रखरखाव, विस्तार, बजट और आर्थिक प्रभाव से जुडी गतिविधियों की देखरेख करेंगे।