अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ने देश में जारी सरकार के आंशिक शटडाउन के बीच राष्ट्रपति ट्रंप के 29 जनवरी को होने वाले वार्षिक स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन पर रोक लगा दी। ट्रंप को लिखे पत्र में पेलोसी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लिखा कि किस प्रकार से यह कामबंदी पर छिड़ा संघर्ष द्विपक्षीय शिष्टाचार की उम्मीदों पर जहर घोल रहा है।
निचले सदन की अध्यक्ष ने इसी कामबंदी का हवाला देते हुए ट्रंप को लिखे पत्र में 29 जनवरी को होने वाले संबोधन का आयोजन टालने या रद्द करने की बात कही। पेलोसी का यह कदम ट्रंप को राष्ट्रपति पद के सबसे अहम संबोधन से वंचित करेगा जो इस साल सदन के लोकतांत्रिक नियंत्रण और देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सरकारी कामबंदी (शटडाउन) से प्रभावित है।
नैंसी पेलोसी ने कहा कि कामबंदी के कारण संबोधन के लिए पर्याप्त विशेष सुरक्षा मुहैया कराना संभव नहीं है क्योंकि सीक्रेट सेवा और गृह सुरक्षा मंत्रालय के कर्मचारियों को 25 दिनों से वेतन नहीं मिला है।
यद्यपि पेलोसी ने लिखा कि ट्रंप अपने संबोधन के स्थान पर लिखित संदेश भेज सकते हैं, जैसा कि 1913 तक किया जाता रहा था, अन्यथा ट्रंप को भाषण के पुनर्निर्धारण के सलाह दी गई। पेलोसी ने कहा कि राष्ट्रपति सरकार का कामकाज के बहाल होने का इंतजार कर सकते हैं और उसके बाद संबोधन के लिए नई तारीख की घोषणा कर सकते हैं।
टेलीविजन पर भी संबोधित कर सकते हैं ट्रंप
प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष द्वारा ट्रंप का स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन रद्द करने का विरोध करते हुए गृह सुरक्षा मंत्री क्रिस्टजेन नीलसन ने कहा कि उनका मंत्रालय और सीक्रेट सेवा स्टेट ऑफ द यूनियन कार्यक्रम को सुरक्षा देने और इसका समर्थन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यदि ट्रंप को इसके लिए नहीं बुलाते हैं तो इसे टेलीविजन पर भी संबोधित किया जा सकता है।
मैक्सिको दीवार निर्माण पर अड़े हैं राष्ट्रपति
अमेरिकी सरकार का कामकाज बृहस्पतिवार को 27वें दिन भी बाधित है क्योंकि मैक्सिको सीमा पर दीवार निर्माण के लिए फंड मुहैया नहीं कराया गया है। डेमोक्रेटों के 5.7 अरब डॉलर के बजट को मंजूरी देने से मना करने के बावजूद ट्रंप अड़े हुए हैं कि पर्याप्त फंड नहीं मिलने तक वह बजट को मंजूरी नहीं देंगे। इस वजह से बिना बजट के सरकार का कामकाज ठप हो गया है।