म्यांमार में सोमवार को तख्ता पलट के विरोध में जारी प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों ने दो प्रदर्शनकारियों को गोली मार दी। वहीं, विभिन्न हिस्सों में चल रहे प्रदर्शन को खत्म करने के लिए फायरिंग की। नेपिटाउ में करीब 1000 लोग प्रदर्शन कर रहे थे जिन्हें हटाने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
इधर, प्रदर्शनकारियों ने बचने केलिए आग बुझाने वाले उपकरणों का प्रयोग किया। रिपोर्ट केअनुसार, उत्तरी म्यांमार में जारी प्रदर्शन को दबाने पहुंची सेना ने दो लोगों को गोली मार दी। इस दौरान काफी संख्या में लोग घायल हो गए।
बता दें कि बीते 1 फरवरी से म्यामांर में लोकतंत्र की बहाली की मांग पर प्रदर्शन किया जा रहा है। वहां के समाचार पत्र इरावडी के मुताबिक, मितकियाना में प्रदर्शनकारियों को सिर में गोली मारी गई।
इस बीच सोशल मीडिया पर जारी ग्राफिक वीडियो में सड़कों पर सेना को आंसू गैस के गोले छोड़ते दिखाया गया है। वहीं प्रदर्शनकारी भी पत्थर चलाते दिख रहे हैं। काफी संख्या में जमा हुए लोग घायलों को लेकर इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
प्रदर्शनकारी हजारों की संख्या में मांडले केलिए निकले
म्यामांर के दूसरे सबसे बड़े शहर में एकजुटता प्रदर्शित करने के इरादे से लोगों का भारी हुजूम मांडले केलिए निकल पड़ा है। सुरक्षा बलों से बचने केलिए ये तरकीब भी लगा रहे हैं।
इधर,ऑस्ट्रेलिया ने म्यांमार के साथ रक्षा सहयोग खत्म किया
निर्वाचित सरकार को सत्ता से हटाकर सैन्य शासन थोपने और लगातार विरोध को दबाने के साथ ही एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को रोके जाने के विरोध में ऑस्ट्रेलिया ने म्यांमार के साथ रक्षा सहयोग खत्म कर दिया है। वहीं, मानवीय आधार पर दी जाने वाली सहायता को गरीबों तक पहुंचाने का फैसला लिया है।