तुलसी गबार्ड, अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक
- फोटो : ANI
अमेरिकी खुफिया विभाग की प्रमुख तुलसी गबार्ड ने कहा है कि ईरान कुछ ही हफ्तों में परमाणु हथियार बना सकता है, अगर वह तय कर ले कि उसे इसे अंतिम रूप देना है। इसके साथ ही उन्होंने सफाई दी कि उनके पुराने बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान फिलहाल परमाणु बम नहीं बना रहा, को मीडिया ने गलत संदर्भ में पेश किया है। बता दें कि, इस बयान से कुछ दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गबार्ड की पुरानी रिपोर्ट को गलत करार दिया था। ट्रंप ने कहा था, 'अगर गबार्ड ऐसा कह रही हैं तो खुफिया एजेंसियां गलत हैं।'
यह भी पढ़ें -
Iran: 'अमेरिका जंग में शामिल हुआ तो इसके खतरों से कोई नहीं बच पाएगा', ईरान की धमकी
ट्रंप ने जताई थी सख्त नाराजगी?
न्यू जर्सी में राष्ट्रपति ट्रंप से पत्रकारों ने तुलसी गबार्ड की मार्च में दिए गए बयान का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान फिलहाल सक्रिय रूप से परमाणु हथियार नहीं बना रहा। इस पर ट्रंप ने सीधा जवाब दिया, 'तो फिर हमारी खुफिया एजेंसियां गलत हैं। किसने ऐसा कहा?' जब उन्हें बताया गया कि यह बयान तुलसी गबार्ड का था, तो ट्रंप ने कहा, 'वह गलत हैं।'
ट्रंप की नाराजगी के बाद गबार्ड की सफाई
इसके बाद तुलसी गबार्ड ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 'बेईमान मीडिया मेरी गवाही को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है और झूठी खबरें फैला रही है ताकि जनता को भ्रमित किया जा सके।' उन्होंने ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि ईरान से खतरा नहीं है।
यह भी पढ़ें -
France: ईरान-इस्राइल संघर्ष विराम के लिए यूरोप की पहल, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने किया प्रस्ताव का खुलासा
उन्होंने आगे लिखा, 'अमेरिका के पास खुफिया जानकारी है कि ईरान अब उस स्थिति में है कि वह कुछ ही हफ्तों से महीनों के भीतर परमाणु हथियार तैयार कर सकता है, अगर वह ऐसा करने का फैसला करता है।' तुलसी गबार्ड ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हमेशा साफ कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा और वह खुद भी इस रुख से पूरी तरह सहमत हैं।
तुलसी गबार्ड ने वीडियो भी किया साझा
इसके साथ तुलसी गबार्ड ने अपने पुराने बयान का पूरा वीडियो भी साझा किया, ताकि लोगों को खुद सच्चाई देखने को मिले और यह समझ में आए कि मीडिया ने उनके बयान को कैसे गलत ढंग से पेश किया।