अमेरिका में एक बार फिर हेट क्राइम का मामला सामने आया है। एक भारतीय सिख पर कैलिफोर्निया के एक रेस्टोरेंट में हमला किया गया। हमलावर ने सिख पर गर्म काफी फेंक दी और उसे थप्पड़ जड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने सिख पर हमला मुस्लिम समझकर किया था।
हमलावर की पहचान जॉन क्रेन के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हेट क्राइम की यह घटना बुधवार देर रात मेरिजविले में एक रेस्टोरेंट में घटी। सिख इसी रेस्टोरेंट में बतौर क्लर्क काम करता है। पुलिस का कहना है आरोपी की बिल को लेकर सिख क्लर्क से पहले बहस हुई और बाद में उसने उस पर गर्म काफी फेंकी और थप्पड़ जड़कर वहां से फरार हो गया।
इसके बाद सिख ने इसकी शिकायत पुलिस में की। अगले दिन ऐसी ही एक अन्य घटी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बीती रात सिख पर हमले की बात स्वीकार की।
क्रेन ने बताया कि वह मुस्लिमों से नफरत करता है, इसी वजह से उसने बुधवार रात सिख क्लर्क पर हमला मुस्लिम समझकर कर किया था। पुलिस ने क्रेन के खिलाफ चोरी, हमला और हेट क्राइम का मामला दर्ज कर उसे यूूबा काउंटी जेल भेज दिया। हमले की अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन और सिख समुदाय ने कड़ी निंदा की है।