अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की
- फोटो : ANI
म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच अहम मुलाकात हुई। इस बैठक के बाद रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करना चाहते हैं। ट्रंप एक ऐसा समाधान तलाश रहे हैं जिससे क्षेत्र में हो रहा युद्ध पूरी तरह रुक जाए।
जेलेंस्की ने रुबियो को दी मौजूदा हालात की जानकारी
इस मुलाकत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रुबियो को युद्ध के मैदान के ताजा हालात की जानकारी दी। उन्होंने रुबियो के साथ यूक्रेन के बिजली और ऊर्जा सिस्टम पर रूसी हमलों के असर पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने यह भी चर्चा की कि कड़ाके की ठंड के दौरान यूक्रेन के नागरिकों की जान कैसे बचाई जाए और देश की मजबूती को कैसे बढ़ाया जाए। मुलाकत के दौरान दोनों नेताओं ने सुरक्षा गारंटी और आर्थिक सुधारों के मुद्दों पर भी बात की।
जेलेंस्की ने जताया आभार
यह मुलाकात जिनेवा में होने वाली एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय बैठक से ठीक पहले हुई है। 17 और 18 फरवरी को जिनेवा में यूक्रेन, रूस और अमेरिका के प्रतिनिधि की आपस में बातचीत होने की उम्मीद है। जेलेंस्की को उम्मीद है कि यह शांति वार्ता सफल और फायदेमंद रहेगी। उन्होंने अमेरिका के सकारात्मक रवैये के लिए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढे़ं: Epstein Files: नोबेल पुरस्कार की शान से एपस्टीन ने लोगों को फंसाया, समिति के प्रमुख तक थी पहुंच; खुले बड़े राज
इससे पहले जेलेंस्की ने राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूतों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से भी जिनेवा बैठक को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनकी टीम अगले हफ्ते यूक्रेन का पक्ष मजबूती से रखेगी। गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में अबू धाबी में भी इन तीनों देशों के बीच बातचीत का एक दौर हो चुका है।
जिनेवा में होगी अगली बैठक
जिनेवा में होने वाली इस अगली बैठक में रूसी दल का नेतृत्व राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की करेंगे। जेलेंस्की ने अमेरिका और वहां के लोगों से मिल रहे बड़े सहयोग के लिए शुक्रिया अदा किया। उनका मानना है कि शांति के लिए कूटनीतिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाना बहुत जरूरी है।
अन्य वीडियो-