अमेरिकी सांसद माइक गालाग्हेर ने दावा किया कि चीन हर साल 70,000 अमेरिकी नागरिकों को मार रहा है। तिब्बत पर चीन के आक्रमण के खिलाफ चीनी दूतावास के बाहर वाशिंगटन में हुए प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे गालाग्हेर ने कहा, चीन आज भी निर्दोषों के खून का प्यासा और विस्तारवादी है। तिब्बती समुदाय के लोगों से बात करते हुए गालाग्हेर ने कहा, तिब्बती लोग चीन के क्रूर सांस्कृतिक नरसंहार से पीड़ित हैं, लेकिन उनका आजादी के लिए लड़ने का साहस अनुकरणीय है। चीन कभी जासूसी गुब्बारे तो कभी एप के जरिये अमेरिकी संप्रभुता पर भी हमला कर रहा है।
अब सब समझ चुके चीन के साथ अमेरिका के आर्थिक संबंध विफल
सांसद माइक ने कहा, अमेरिका में कोई नहीं चाहता कि ताइवान या किसी भी दूसरे मुद्दे को लेकर चीन के साथ युद्ध लड़ा जाए, लेकिन यह बात सब समझ चुके हैं कि चीन के साथ अमेरिका के आर्थिक संबंध विफल रहे हैं। इस मुद्दे पर पिछले वर्ष अमेरिकी संसद में दोनों पार्टियों के सांसदों ने मिलकर एंड फेंटेनायल कानून भी पारित किया था। इसके तहत अमेरिका की सीमा व सीमा शुल्क संरक्षण (यूएससीबीपी) ने सीमाओं पर कड़ी चौकसी और देश में ड्रग्स की तस्करी को रोकने के उपाय शुरू कर दिए हैं।
बिल गेट्स के साथ ठगी करने वाला प्रत्यर्पण का केस हारा
बिल और मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन सहित कई संस्थानों व लोगों के साथ ठगी करने वाले पाकिस्तानी कारोबारी आरिफ नकवी ब्रिटेन में प्रत्यर्पण का केस हार गया है। पाकिस्तान में निजी इक्विटी कंपनी अबराज ग्रुप चलाने वाले नकवी ने पाकिस्तान के ओवरसीज प्राइवेट इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के साथ भी ठगी की थी। उसे ब्रिटेन में गिरफ्तार किया गया था। लंदन हाईकोर्ट में नकवी ने अमेरिका प्रत्यर्पित किए जाने के आदेश के खिलाफ समीक्षा याचिका दायर की थी। हालांकि, अदालत ने नकवी के खिलाफ फैसला देते हुए प्रत्यर्पण की इजाजत दे दी।
कॉंगो में आईएस आतंकियों ने 35 ईसाइयों की हत्या की
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने दावा किया है कि पूर्वी कॉंगो में उसने 35 ईसाइयों की हत्या की है। शुक्रवार को अपने दुष्प्रचार पत्र अमाक में आईएस ने लिखा कि कॉंगो के उत्तरी कीवू में मुकोंडी गांव में चाकुओं और बंदूकों से 35 ईसाइयों को मौत के घाट उतारा गया। इसके साथ जले हुए घरों की तस्वीरें भी प्रकाशित की गई। वहीं, स्थानीय प्राधिकरण और आतंकियों से लड़ने वाली अलायड डेमोक्रेटिक फोर्स ने बताया कि बीते एक सप्ताह में 45 से ज्यादा हत्याएं हुईं हैं। बता दें, पूर्वी कॉंगो में दशकों से हिंसा जारी है। यहां 120 से ज्यादा सशस्त्र गिरोह आपस में लड़ रहे हैं।
अब बांग्लादेश में संकट के संकेत मूडीज ने रेटिंग नकारात्मक की
अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज के रेटिंग घटाने के फैसले से बांग्लादेश का बैंकिंग सेक्टर हिल गया है। मूडीज ने बांग्लादेश के बैंकिंग सेक्टर की रेटिंग स्थिर से घटा कर नकारात्मक कर दी है। अर्थशास्त्रियों और वित्तीय विश्लेषकों ने मूडीज के इस फैसले को न सिर्फ बैंकिंग सेक्टर, बल्कि पहले से संकटग्रस्त बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था के लिए एक झटका माना है। बांग्लादेश मुद्रा की कीमत घटना, महंगाई दर और विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट की समस्याओं का सामना कर रहा है।
अफगानिस्तान में धमाका, एक की मौत, आठ लोग घायल
अफगानिस्तान के बाख प्रांत में मजार-ए-शरीफ में शनिवार को धमाके में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि पत्रकार सहित आठ लोग घायल हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल नफी ने बताया, घटना मजार-ए-शरीफ में तबयान की है। घायलों में तीन बच्चे भी हैं। घायल पत्रकार सज्जाद मोसावी ने बताया, पत्रकारों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान धमाका हुआ। एजेंसी
1300 प्रवासी समुद्र में फंसे इटली ने शुरू किया ऑपरेशन
यूरोप पहुंचने के लिए रिफ्यूजी लगातार अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। पिछले महीने हुए हादसे के बाद एक बार फिर से इटली के कैलेब्रिया रीजन में 1300 रिफ्यूजी फंसे हुए हैं। इन्हें बचाने के लिए इटली के कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन लॉन्च किया है। ये रिफ्यूजी अलग-अलग जगहों से यूरोप आने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, अभी तक ये नहीं पता चल पाया है कि ये किन देशों के हैं।