पेशावर में हेलमेट नहीं पहनने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने बाइकसवार एक सिख व्यक्ति का चालान काट दिया। पगड़ी पहनने के कारण सिखों को बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने की छूट है। इसके बावजूद सिख बाइकसवार का चालान काट दिया गया। गलती का एहसास होने के बाद यातायात पुलिस प्राधिकरण ने गुरुवार को सिख समुदाय से माफी मांगी।
ट्रैफिक वार्डन ने हेलमेट नहीं पहनने पर मोटरसाइकिल चला रहे एक सिख युवक का मंगलवार को चालान काट दिया था। यातायात पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वार्डन ने गलती से चालान काट दिया था। पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में प्रांतीय विधानपालिका के इस मामले पर बहस करने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार, सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले से अधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से माफी मांगी। प्रवक्ता ने बताया कि सिखों को मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने से छूट है।