कोरोना का प्रभाव अब तेजी से रूस में फैल रहा है, यहां देखते-देखते संक्रमण के मामले दो लाख से अधिक हो गए हैं। हालांकि यहां पर बाकी देशों की तुलना में कम मौतें हुई हैं, जिसको लेकर कई सवाल भी उठे हैं।
ऐसे में मॉस्को के स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की मृत्यु दर को जानबूझकर कम बताने वाली मीडिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, यह कहते हुए कि इसका डेटा 'बिल्कुल खुला हुआ है', हालांकि विभाग ने यह स्वीकार किया है कि वे केवल उन मौतों को गिनते हैं जहां पोस्टमॉर्टम और ऑटोप्सी रिपोर्ट में यह पाया जाता है कि मौत का कारण कोरोनो वायरस है।
मॉस्को के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को एक बयान में कहा कि अधिकारियों ने 100% संदिग्ध कोरोना वायरस पीड़ितों की जांच की और पुष्टि की कि अप्रैल में 639 लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई। विभाग ने कहा कि अन्य मामलों में, 'कोरोना को ही मृत्यु की वजह मानना असंभव है। 60% से अधिक संदिग्ध मामलों में, मौतें दिल का दौरा, ल्यूकेमिया जैसी अन्य लाइलाज घातक बीमारियों जैसे वैकल्पिक कारणों से हुईं।