अमेरिका के मिनेसोटा राज्य का सबसे बड़ा शहर मिनियापोलिस सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को गोलियों की तड़-तड़ाहट से थर्रा उठा। कुछ ही घटों में शहर में दो जगह गोलीबारी की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से आठ लोग बेघर लोगों के एक कैंप में हुई गोलीबारी में घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। जबकि, कुछ ही घंटे पहले और थोड़ी दूरी पर एक ट्रांजिट स्टेशन के पास गोलीबारी हुई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। शहर के अधिकारियों ने इस क्षेत्र में हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं की पुष्टि की है।
गोलीबारी की यह घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब मिनियापोलिस में हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी साल जून में मिनेसोटा हाउस स्पीकर मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। उसी दिन एक अन्य राज्य सांसद और उनकी पत्नी को भी गोली मारी गई थी। इसके अलावा, अगस्त में एक चर्च में हुई गोलीबारी में दो बच्चों की मौत हुई और 21 लोग घायल हुए थे।
ये भी पढ़ें: Trump: पत्नी मेलानिया संग ब्रिटेन पहुंचे ट्रंप, दूसरी बार राजकीय यात्रा पर जाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति
पुलिस को रात 10 बजे मिली गोलीबारी की सूचना
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे एक ऑफ-ड्यूटी अधिकारी को भागते हुए लोग मिले और बताया कि बेघर शिविर में गोलीबारी हो रही है। मौके पर पहुंचने पर पांच लोग घायल मिले, जिनमें तीन की हालत नाजुक थी। बाद में तीन और घायलों के अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिली। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जमीन के मालिक साबरी ने बेघर लोगों के लिए खोला था शिविर
यह गोलीबारी उस पार्किंग स्थल पर बने कैंप में हुई, जिसे जमीन के मालिक हमूदी साबरी ने जुलाई में बेघर लोगों के लिए खोल दिया था। नगर प्रशासन लंबे समय से इस कैंप को बंद करने की कोशिश कर रहा है और साबरी पर करीब 15,000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। हालांकि, साबरी ने इसके बाद भी शिविर को बंद करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने साबरी को शिविर को बंद करने के लिए मजबूर करने के लिए उन पर मुकदमा दायर किया है।
ये भी पढ़ें: Charlie Kirk Case: एफबीआई प्रमुख की गवाही के दौरान हंगामा, काश पटेल और सीनेटर कोरी बुकर के बीच हुई तीखी बहस
मेयर की घोषणा के बाद प्रशासन ने हटाना शुरू किया शिविर
गोलीबारी की घटना के बाद मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ्रे ने घोषणा की कि अपराध स्थल की जांच पूरी होते ही शिविर को खाली कराया जाएगा। फ्रे ने कहा, 'यह सिर्फ एक उपद्रव से कहीं ज्यादा बुरा है। यह समुदाय के लिए खतरा है।' हालांकि, मंगलवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) प्रशासन ने शिविर को हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
जमीन के मालिक साबरी ने शिविर हटाने की आलोचना की
जमीन के मालिक साबरी ने इस कदम की आलोचना की और कहा कि प्रशासन को पीड़ितों के लिए काउंसलिंग और ठहरने की सुविधा देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा, 'लेकिन मेयर का जवाब हमेशा की तरह सिर्फ बेघर लोगों को हटाना है। तंबू गिराना, जगह खाली कराना और यह दिखाना कि सब ठीक है- यह असली समाधान नहीं है।'