अमेरिका की सीनेट न्यायिक समिति के समक्ष एफबीआई निदेशक काश पटेल की गवाही के दौरान मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को जोरदार हंगामा देखने को मिला। डेमोक्रेट नेता और न्यू जर्सी से सीनेटर कोरी बुकर ने पटेल पर आरोप लगाया कि उन्होंने देश की प्रमुख कानून प्रवर्तन एजेंसी को 'पीढ़ियों के लिए बर्बाद' कर दिया है।
इस पर काश पटेल और बुकर के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में एफबीआई प्रमुख ने सीनेटर बुकर को 'शर्मनाक' तक कह दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि समिति के रिपब्लिकन अध्यक्ष, सीनेटर चक ग्रासली को दोनों लोगों पर नियंत्रण पाने और माहौल को शांत करने के लिए कई मिनट तक अपना हथौड़ा चलाना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Charlie Kirk: चार्ली किर्क हत्याकांड के आरोपी पर गंभीर हत्या का आरोप, दोषी पाए जाने पर हो सकती है मौत की सजा
काश पटेल ज्यादा समय अपने पद पर नहीं टिक पाएंगे: बुकर
बहस के दौरान सीनेटर बुकर ने यह भी भविष्यवाणी की कि काश पटेल ज्यादा समय तक अपने पद पर नहीं टिक पाएंगे। उन्होंने पटेल से कहा कि डोनाल्ड ट्रंप 'तुम्हें छोड़ देंगे' और यह शायद आखिरी बार है जब वह उन्हें एफबीआई निदेशक के तौर पर सुन रहे हैं। सीनेट न्यायिक समिति की समक्ष पटेल की यह गवाही मुख्य रूप से चार्ली किर्क की हत्या की जांच को लेकर हो रही है।
सीनेटर वेल्च ने पटेल पर खुद को प्रमोट करने का लगाया आरोप
इससे पहले, अमेरिकी सीनेटर पीटर वेल्च ने बी पटेल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एफबीआई निदेशक चार्ली किर्क की हत्या की जांच में स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने की बजाय खुद को प्रमोट करने में लगे हैं। वेल्च ने कहा, 'उन्होंने गलती की, और वह स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने के बजाय खुद को बढ़ावा देने में लगे रहे, जबकि मुझे लगता है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अच्छा काम किया।'
किर्क की 10 सितंबर को गोली मारकर की गई थी हत्या
31 वर्षीय चार्ली किर्क की 10 सितंबर को यूटा में एक कैंपस कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे ओरेम स्थित यूटा वैली विश्वविद्यालय में छात्रों के सवाल-जवाब कार्यक्रम के दौरान हुई।
ये भी पढ़ें: Canada: पीएम कार्नी के मंत्रिमंडल से क्रिस्टिया फ्रीलैंड ने दिया इस्तीफा, अगला चुनाव नहीं लड़ने की भी घोषणा की
पुलिस ने मामले में टायलर रॉबिन्सन को किया है गिरफ्तार
कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने वाशिंगटन, यूटा निवासी 22 वर्षीय टायलर जेम्स रॉबिन्सन को हत्या और कई अन्य गंभीर अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया है। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को उसकी पहली अदालती सुनवाई से पहले उसके खिलाफ आरोप तय होने की उम्मीद है। फिलहाल अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि रॉबिन्सन ने यह हमला क्यों किया।