सेना के एक हेलीकॉप्टर और एक यात्री विमान की बीच हवा हुई टक्कर में कोई भी जिंदा नहीं बच पाया है। दोनों विमानों में सवार सभी 67 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। इस बीच सामने आया है कि विमानन दुर्घटना में मारे गए 67 लोगों में से 40 से अधिक शव पोटोमैक नदी से निकाल लिए गए हैं।
शुक्रवार को जांच अधिकारियों ने बताया कि बड़े पैमाने पर रिकवरी प्रयास जारी हैं। जांचकर्ताओं ने पहले ही अमेरिकन एयरलाइंस के विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर को बरामद कर लिया है। बता दें कि बुधवार रात को वाशिंगटन डीसी के पास रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर उतरते समय सेना के हेलिकॉप्टर से विमान टकरा गया था। दोनों विमानों में सवार सभी लोग मारे गए थे। अधिकारियों ने कहा कि हम यह भी जांच कर रहे हैं कि सैन्य हेलिकॉप्टर कैसे अमेरिकन एयरलाइंस जेट के रास्ते में आ गया था। अधिकारियों ने कहा कि हवाई दुर्घटना की जांच में महीनों लग सकते हैं।
सैन्य हेलीकॉप्टर विमान के रास्ते में क्यों आया?
विमान का ढांचा तीन टुकड़ों में कमर तक गहरे पानी में मिला। हेलीकॉप्टर का मलबा भी मिल गया है। टक्कर के कारण के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि उड़ान की स्थिति स्पष्ट थी क्योंकि कंसास के विचिटा से आ रहा विमान पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत उतर रहा था और उसमें अमेरिकी और रूसी ‘फिगर स्केटर’ और अन्य लोग सवार थे, तभी हेलीकॉप्टर उसके रास्ते में आ गया। अमेरिकन एयरलाइंस के सीईओ रॉबर्ट इसोम ने कहा कि इस समय, हमें यह नहीं पता कि सैन्य हेलीकॉप्टर विमान के रास्ते में क्यों आया। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर में तीन सैनिक सवार थे। अमेरिकी सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर वर्जीनिया के फोर्ट बेलवोइर में तैनात यूएच-60 ब्लैकहॉक था और प्रशिक्षण उड़ान पर था।
2001 के बाद से सबसे घातक अमेरिकी विमान दुर्घटना
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रात को सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में संकेत दिया कि इस टक्कर को रोका जा सकता था। इस बारे में डफी ने कहा, 'अब तक जो मैंने देखा है, क्या मुझे लगता है कि इसे रोका जा सकता था? बिल्कुल।' रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ बृहस्पतिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित नहीं हुए। अब विमान में सवार सभी लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है तो यह 12 नवंबर 2001 के बाद से सबसे घातक अमेरिकी विमान दुर्घटना बन गई है। उस समय अमेरिकन एयरलाइंस का एक विमान कैनेडी हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद न्यूयॉर्क के बेले हार्बर के आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें सवार सभी 260 लोग मारे गए थे।