चीन ने सोमवार को बताया कि पिछले 7 महीने में 5 हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 40 फीसदी पर धोखाधड़ी और 15 फीसदी पर कानून लागू करने से रोकने पर कार्रवाई हुई है। 45 फीसदी लोगों पर फर्जी सामान बेचने, सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने और जंगली जीवों को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। देश में सोमवार को 47 नए मामले सामने आए हैं।
सऊदी किंग सलमान अस्पताल में भर्ती
सऊदी अरब के किंग सलमान बिन की तबीयत बिगड़ गई है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकारी समाचार एजेंसी ने सोमवार को बताया कि सऊदी अरब के 84 वर्षीय शासक, किंग सलमान बिन अब्दुल अजीज को राजधानी रियाद में किंग फैसल स्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाइजीरिया के विदेश मंत्री जियोफ्रे ओनियामा कोविड-19 से संक्रमित हैं। इस बात की पुष्टि नाइजीरिया के वित्त मंत्री ने की। जानकारी के अनुसार, चौथी बार उन्होंने कोविड-19 के लिए भर्ती कराया है जिसमें वे संक्रमित पाए गए। उन्होंने ट्वीट किया, गले में परेशानी की वजह से मैंने अपना चौथा कोविड-19 टेस्ट कराया और दुर्भाग्य से इस बार नतीजा पॉजिटिव आया। यही जिंदगी है!
मेक्सिको के राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुएल लोपेज ओब्रादोर ने देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करने का वादा किया। स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार देश में अभी कोविड-19 के 3,44,224 मामले हैं और 39,184 लोगों की इससे जान गई है।
दक्षिण अफ्रीका में मौतों का आंकड़ा 5 हजार के पार हो गया है। यहां पिछले 24 घंटे में 85 मौतें हुई हैं। देश में अब तक 3.64 लाख संक्रमित मिले हैं। पिछले हफ्ते यह संक्रमण के मामले में दुनिया में सातवें नंबर पर था। एक हफ्ते के अंदर ही यह इस लिस्ट में पांचवे नंबर पर आ गया है।
ब्रिटेन ने कोरोना वायरस के संभावित टीके की नौ करोड़ खुराक खरीदने के लिए तीन कंपनियों के साथ करार किया है। ब्रिटेन के भारतीय मूल के व्यापार मंत्री आलोक शर्मा ने कहा, सरकार ने बायोएनटेक, फाइजर और वलनेवा नामक कंपनियों द्वारा कोरोना के इलाज के लिए परीक्षण के दौर से गुजर रही वैक्सीन की नौ करोड़ खुराक खरीदने के संबंध में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है कि ब्रिटेन के लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित और असरदार वैक्सीन दी जा सके। दुनिया की सबसे अच्छी दवा कंपनियों के साथ समझौता करके सरकार के पास ऐसी वैक्सीन हासिल करने के ज्यादा मौके हैं, जो सबसे ज्यादा खतरे का सामना कर रहे लोगों को बचा सके।