ब्रिटेन में पिछले 24 घंटों के दौरान वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के 24701 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 942275 हो गई है। इसके साथ ही 310 ने कोरोना मरीजों की मौत भी हुई है।
लॉकडाउन लगाने को मजबूर हुए फ्रांस और जर्मनी
दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस का फिर से संक्रमण बढ़ गया है। इसके चलते इन देशों ने फिर से रात में कर्फ्यू सहित कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 44,884,948 हो गई है। इस वायरस के चलते अब तक 1,180,960 लोगों की मौत हो चुकी है।
फ्रांस में संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है, जो कि नवंबर के अंत तक लागू रहेगी। आज से शुरू होने वाली प्रतिबंधों के तहत लोगों को सिर्फ आवश्यक काम और मेडिकल कारणों के लिए घर से बाहर निकलने की अनुमति मिलेगी। रेस्तरां और बार बंद रहेंगे, लेकिन स्कूल और कारखाने खुलेंगे।
वहीं, जर्मनी ने भी एक महीने तक आंशिक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। चांसलर एंजेला मर्केल और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मिल कर इसका एलान किया। नए नियम दो नवंबर से लागू होंगे। इन नियमों में रेस्तरां और बार बंद रहेंगे। हालांकि, खाना पैक करवा कर ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल और जिम भी बंद रहेंगे।
ईरान: कोरोना से दैनिक स्तर पर सबसे अधिक मौतें
ईरान में बुधवार को कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, मौतें की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटों में 415 लोगों की मौत हुई है। ईरानी स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, रातोंरात इसके बाद कुल संख्या बढ़कर 588,648 हो गई है।