भारतीय मूल की डॉक्टर मोनीषा घोष को अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशन कमीशन (संघीय संचार आयोग) में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (सीटीओ) नियुक्त किया गया है। अमेरिकी इतिहास में घोष से पहले इस पद पर किसी भी महिला को नियुक्त नहीं किया गया था।
बता दें कि फेडरल कम्युनिकेशन कमीशन के चेयरमैन भारतीय मूल के अजीत पई हैं। डॉक्टर मोनीषा घोष 13 जनवरी से उन्हें तकनीक और इंजीनियरिंग के मुद्दे पर सलाह देंगी। इसके अलावा वे आयोग के टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के साथ काम करेंगी।
मोनीषा घोष ने 1986 में आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया था। इसके बाद 1991 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की थी। इससे पहले घोष नेशनल साइंस फाउंडेशन के कम्प्यूटर नेटवर्क डिविजन में प्रोग्राम डायरेक्टर के तौर पर काम कर रही थीं। वह यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में रिसर्च प्रोफेसर भी रही हैं।