पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
स्कॉटलैंड में 22 वर्षीय भारतीय छात्रा संत्रा साजू का शव नदी से बरामद किया गया है। वह इस महीने के शुरुआत से लापता थीं। उसके परिवार को शव मिलने की जानकारी दे दी गई है। हालांकि, शव की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया अभी बाकी है।
परिवार को दी जानकारी
भारत के केरल राज्य की संत्रा साजू एडिनबर्ग स्थित हेरियट-वाट विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही थीं। स्कॉटलैंड पुलिस का कहना है कि इस साल 27 दिसंबर को न्यूब्रिज गांव के पास एक नदी से शव मिलने की सूचना मिली थी। फिलहाल शव की औपचारिक पहचान नहीं हुई है। मगर, संत्रा साजू के परिवार को जानकारी दे दी हई है।
प्रोक्यूरेटर फिस्कल को भेजी जाएगी रिपोर्ट
उन्होंने आगे बताया कि मृत्यु के पीछे कुछ संदिग्ध नहीं दिखाई दे रहा है। एक रिपोर्ट स्कॉटलैंड की अभियोजन सेवा और मृत्यु जांच निकाय प्रोक्यूरेटर फिस्कल को भेजी जाएगी।
छह दिसंबर को दिखी थी अंतिम बार
साजू को आखिरी बार छह दिसंबर की शाम को लिविंगस्टन के अल्मोंडवेल में एक एस्डा सुपरमार्केट स्टोर में सीसीटीवी में देखा गया था। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए तुरंत एक अभियान शुरू किया और उनकी पहचान साझा की थी। अधिकारी ने बताया था कि साजू की लंबाई करीब पांच फीट छह इंच है, वह भारतीय मूल की है, दुबली-पतली और उनके छोटे काले बाल हैं। उसने फर-लाइन वाले हुड के साथ एक काली जैकेट, बेज रंग के फरी इयरमफ और एक काला फेसमास्क पहना हुआ था।
परिवार ने गायब होना बताया था अजीब
पुलिस ने बताया था कि संत्रा के पास छह दिसंबर को एक काले और सफेद रंग का बैग भी था, लेकिन सुपरमार्केट में जाते समय उस बैग के बिना थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की और सार्वजनिक रूप से संत्रा की तस्वीरें जारी की थीं, ताकि कोई उन्हें पहचान सके। संत्रा के परिवार और दोस्तों ने उनके अचानक लापता होने को अजीब बताया था और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।