अदालत द्वारा गुरुवार को पेंटागन के जेडी प्रोजेक्ट पर अस्थाई रोक लगाने के पांच मिनट के अंदर माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों की कुल कीमत में 17 अरब डॉलर (करीब 1214 अरब रु) की कमी आ गई। कंपनी के 1.4 खरब डॉलर के स्टॉक का मार्केट कैपिटलाइजेशन एक फीसदी कम हो गया।
कंपनी के शेयर की कीमतों में आई गिरावट का कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस के बीच की लड़ाई है। दरअसल, पेंटागन के जेडी प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट अमेजन को मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन यह माइक्रोसॉफ्ट को मिल गया।
अमेजन ने दावा किया है कि ट्रंप, बेजोस को पसंद नहीं करते और इसीलिए उसे कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिल पाया। संघीय अदालत के जज ने इसी मामले की सुनवाई करते हुए प्रोजेक्ट पर अस्थाई रोक लगा दी।
जेडी प्रोग्राम के अंतर्गत सेना की सभी शाखाओं के लिए एक क्लाउड-आधारित सिस्टम बनाया जाएगा जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित होगा। अमेजन को इसका कॉन्ट्रैक्ट मिलने की उम्मीद थी क्योंकि वह पहले ही सीआईए जैसी सरकारी एजेंसियों को सर्वर उपलब्ध करा चुकी है।
क्लाउड कंप्यूटिंग के मामले में अमेजन वेब सर्विसेज दुनिया की शीर्ष कंपनियों में शामिल है। लेकिन कंपनी ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रपति ट्रंप बेजोस को लेकर पूर्वाग्रह के शिकार हैं, इसीलिए उसे कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया। इसी मुद्दे पर कंपनी ने अदालत का रुख किया था।