माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला फरवरी के आखिर में भारत का दौरा कर सकते हैं। इस दौरे से जुड़े लोगों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को इस बात की जानकारी दी है। नडेला का यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में उन्होंने भारत के आप्रवासन नीति की आलोचना की थी।
इस दौरे से जुड़े दो लोगों ने बताया कि नडेला 24 से 26 फरवरी तक भारत दौरे पर आने की योजना बना रहे है। उन्होंने बताया कि वह नई दिल्ली, बंगलूरू और मुंबई जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि उनकी यात्रा के दौरान वह भारतीय उद्योग जगत के वरिष्ठ लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट ने अभी तक इस दौरे को लेकर कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की है। माइक्रोसॉफ्ट के एक प्रवक्ता से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि हम अभी कोई जानकारी साझा नहीं कर सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नडेला की एक बैठक को आयोजित करने की कोशिश कर रहा है, हालांकि बैठक की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। दूसरी ओर, इस बारे में जब प्रधानमंत्री कार्यालय से पूछा गया तो उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।
नडेला ने पिछले महीने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर बयान दिया, जिससे भारत में विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने अमेरिकी न्यूज एजेंसी बजफीड से बातचीत में कहा था कि वहां जो कुछ भी हो रहा है वह बहुत बुरा है। उन्होंने कहा कि कोई आप्रवासी बांग्लादेशी भारत में बड़ी कंपनी शुरू करे या इंफोसिस जैसी कंपनी का सीईओ बनता है तो मुझे बेहद खुशी होगी।
इससे पहले अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस भी भारत दौरे पर आए थे, लेकिन सरकार के वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात नहीं की थी। भारत ने अमेरिकी ई-कॉमर्स क्षेत्र के खिलाफ एक सख्त रुख अपनाया है, जिसमें अमेजन और वॉलमार्ट के फ्लिपकार्ट को अपने व्यापार करने के तरीकों को लेकर व्यापारियों का विरोध झेलना पड़ा रहा है। अमेजन के खिलाफ कॉम्पिटीशन ऑफ इंडिया भी जांच कर रहा है।
अपने भारत दौरे पर जेफ बेजोस ने घोषणा की थी कि अमेजन भारत में सात हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा तो भारत के व्यापार मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि अमेजन ऐसा करके कोई महान एहसान नहीं कर रहा है। अमेजन द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद पीएम मोदी बेजोस से नहीं मिले।