मलयेशिया का एमएच 370 विमान पायलट ने आत्महत्या करने के लिए गिराया था। 2014 में हिंद महासागर के ऊपर गायब हुए विमान को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम टॉनी एबॉट ने यह दावा किया है। एबॉट ने कहा, फ्लाइट का पायलट अवसाद में था और उसने अपने साथ फ्लाइट में सवार सभी 239 लोगों की जान ले ली। मलयेशिया के शीर्ष अधिकारियों से उन्हें यह गोपनीय बात पता चली है। हालांकि उन्होंने इसको लेकर कोई सबूत पेश नहीं किए।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे की जांच के दौरान सेफ्टी एक्सपर्ट को यह बात पता चली। रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट ने हिंद महासागर में विमान को डुबो दिया था। माना जा रहा है कि वह अवसाद में था। बता दें कि एमएच 370 हिंद महासागर के ऊपर गायब हो गया था। विमान की खोज में कई देशों की टीम जुट गई थी लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। बाद में इसके खोज कार्य को रोक दिया गया और विमान में सवार सभी लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।