Mexico: मेक्सिको के सुरक्षा सलाहकार सेसर गुजमैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला ग्वाडलहारा शहर में एक रेस्तरां में हुआ, जब वह दो अन्य प्रशिक्षकों के साथ खाना खा रहे थे। वह अमेरिकी विदेश मंत्रालय में भी काम कर चुके थे।
मैक्सिको के सुरक्षा सलाहकार सेसर गुजमैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर एक रेस्तरां में हमला हुआ। बताया जा रहा है कि यह हमला किसी ड्रग माफिया ने प्लान करके किया। गुजमैन अमेरिकी विदेश मंत्रालय में अनुबंध पर भी काम कर चुके थे।
विज्ञापन
घटना शुक्रवार की रात नौ बजे ग्वाडलजारा शहर में एक रेस्तरां में हुई, जब गुजमैन सुरक्षा और खुफिया प्रशिक्षण देने वाले दो अन्य लोगों के साथ खाना खा रहे थे। गुजमैन के साथ काम कर चुके एफबीआई के सेवानिवृत्त एजेंस आर्तुरो फोंटेस ने बताया कि उन्होंने हाल ही में जलिस्को पुलिस को सुरक्षा और गोपनीय जानकारी से जुड़ा प्रशिक्षण दिया था।
फोंटेस ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट में लिखा कि वह और गुजमैन पिछले दो वर्षों से अमेरिकी विदेश मंत्रालय की अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स और कानून प्रवर्तन शाखा के तहत मैक्सिको की पुलिस को ड्रग विरोधी प्रशिक्षण दे रहे थे। हिदाल्गो राज्य के पूर्व सुरक्षा उप-सचिव कार्लोस अमाडोर की भी हमले में मौत हो गई। वहीं, तीसरे प्रशिक्षक पाब्लो काजिगाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। काजिगाल चिहुआहुआ राज्य के पूर्व रक्षा सचिव रह चुके हैं।
फोंटेस ने कहा, वह सच्चे हीरो थे। जिन लोगों को मैं जानता हूं, उनमें वह सबसे बहादुर थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने एक हफ्ते पहले ही गुजमैन का 50वां जन्मदिन मनाया था। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, तीनों लोग एक गली में रेस्तरां में खाना खा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी की और फिर एक लाल रंग की कार से फरार हो गए।
ग्वाडलहारा स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने कहा कि मृतक अभी उनके देश लिए काम नहीं कर रहे थे। वाणिज्य दूतावास ने सुरक्षा और गोपनीयता के कारणों से उनके पिछले संबंधों के बारे में अधिकारी जानकारी नहीं दी। वाणिज्य दूतावास ने कहा, हिंसा की किसी भी घटना से हम बेहद चिंतित हैं और पीड़ितों व उनके परिवारों के प्रति अपने संवेदना व्यक्त करते हैं।