ईरान में शुरू हुए सरकार विरोधी प्रदर्शन पर अमेरिका की नजर है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मिसाइल की चपेट में आए विमान हादसे के बाद तेहरान में सरकार विरोध शुरू हो गए हैं। सरकार को प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ईरान सरकार को मानवाधिकार संगठनों को तेहरान की जमीनी हकीकत दुनिया के सामने रखने की इजाजत देनी चाहिए। साथ ही चेताते हुए कहा कि ईरान में दोबारा प्रदर्शनकारियों का नरसंहार नहीं होना चाहिए।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘ईरान के बहादुर लोगों मैं राष्ट्रपति बनने के बाद से आपके साथ खड़ा हूं। हमारी सरकार ईरान की जनता के साथ हमेशा खड़ी रहेगी। हम आपके प्रदर्शन पर नजर रख रहे हैं और आपके साहस से प्रेरित हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों का दोबारा नरसंहार नहीं होना चाहिए। दुनिया सच्चाई जान सके इसलिए इंटरनेट पर कतई प्रतिबंध नहीं लगना चाहिए। विश्व इसको देख रहा है।’
बता दें कि ईरान सरकार ने अपनी चूक मानते हुए स्वीकार किया था कि तेहरान एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद यूक्रेन का यात्री विमान उसी की मिसाइल की चपेट में आकर गिर गया था, जिसमें 176 लोगों की मौत हो गई थी। इस स्वीकारोक्ति के बाद से ही ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।