वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की अपील की है। मचाडो ने यह अपील तब की है, जब अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने भी मचाडो की अपील का समर्थन किया।
वेनेजुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो ने देश के सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की अपील की है। यह आग्रह उन्होंने तब किया है, जब अमेरिका ने एक सैन्य अभियान के जरिये वेनेजुएला को राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
मचाडो की इस अपील का फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी समर्थन किया है। उन्होंने कहा, सभी वेनेजुएला वासियों की तरह मचाडो भी शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक बदलाव के पक्ष में अपनी आवाज उठाने के लिए फ्रांस के समर्थन पर भरोसा कर सकती है, जो वेनेजुएला के लोगों की संप्रभु इच्चा का पूरी तरह से सम्मान करता है।
वहीं, मचाडो ने भी मैक्रों के समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए एक्स पर एक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, सभी राजनीतिक कैदियों की आजादी हमारी तत्काल प्राथमिकता है। मैं दुनिया के सभी राष्ट्राध्यक्षों, सरकारों और लोकतंत्र में भरोसा रखने वाले लोगों से इस निर्णायक घड़ी में हमारा समर्थन करने की अपील करती हूं। वेनेजुएला स्वतंत्र होगा।