पश्चिमी नेपाल में एक कट्टरपंथी माओवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा उनकी पार्टी पर प्रतिबंध लगाए जाने के खिलाफ हिंसा का मोर्चा खोल दिया है। माओवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के कदम के खिलाफ बारातियों को लेकर जा रही एक यात्री बस में आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि पिछली माओवादी पार्टी के एक गुट सीपीएन-माओवादी के कार्यकर्ताओं ने कैलाली जिले के बदईपुर में यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने के बाद उसमें आग लगा दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं पुलिस ने इस मामले में वाहन रोक रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, सरकार द्वारा सीपीएन-माओवादी पर प्रतिबंध लगाए जाने के निर्णय जाने के बाद पार्टी ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल की थी जिससे नेपाल के प्रमुख शहर आंशिक रूप से प्रभावित हुए। माओवादी पार्टी के समूहों में बंटने के बाद नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी का गठन हुआ था।
काठमांडू में सिलसिलेवार बम हमलों के बाद मंगलवार को कैबिनेट की एक बैठक के बाद सरकार ने कट्टरपंथी माओवादी पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया था। सरकार का कहना है कि नेत्र बिक्रम चंद के नेतृत्व वाला समूह बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में बमों को लगाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है।
पिछले महीने एक दूरसंचार कंपनी कार्यालय के बाहर लगाया था बम
पूर्व माओवादी छापामार के नेतृत्व वाली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल ने पिछले महीने एक दूरसंचार कंपनी के कार्यालय के बाहर बम लगाया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। समूह पर आरोप है कि यह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के साथ-साथ शांति और सुरक्षा के माहौल में बाधाएं पैदा कर रहा है।