नेपाल के बागलुंग जिले में सोमवार को एक यात्री बस सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना निसिखोला ग्रामीण नगर पालिका के जौलेपानी में मिड हिल हाईवे पर हुई। बस रुकुम पुरबा से काठमांडो जा रही थी।
मलयेशिया में पीएम मोदी के प्रगतिशील नेतृत्व की प्रशंसा
मलयेशिया में भारतीय प्रवासियों ने पिछले 10 वर्षों के दौरान देश में तेजी से हुए विकास और बदलाव के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के ‘मजबूत और प्रगतिशील नेतृत्व’ तथा उनके ‘समावेशी हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण’ की सराहना की। कुआलालंपुर में सांप्रदायिक सद्भाव और विश्व शांति के लिए आयोजित कार्यक्रम में व्यापारिक नेताओं, उप-कुलपतियों, शिक्षाविदों आदि ने विचार रखते हुए मोदी की तारीफ की। यह कार्यक्रम मलयेशियाई राजधानी में एनआईडी फाउंडेशन के सहयोग से भारतीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन (आईएमएफ) द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पीएम मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और युवाओं को भारत की समृद्ध विरासत-संस्कृति से जोड़ने का काम किया है। कार्यक्रम में ‘मलयेशिया प्रस्ताव’ भी पारित किया गया, जिसमें भारतीय समुदाय ने भारत की प्रगति के लिए अपना समर्थन देने व 2047 तक पीएम मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण में सक्रिय रूप से योगदान देने का वादा किया।
प्रवासी भारतीयों ने देश में हुए विकास और बदलाव पर विचार रखे
भारतीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन के मुताबिक, कार्यक्रम में, भारतीय समुदाय के सदस्यों ने सबसे सफल भारतीय पीएम की सराहना की। साथ ही कहा, मोदी के सुशासन के पीछे देश की प्रभावशाली विकास गाथा और समावेशी विकास है, जिसके कारण पिछले 10 वर्षों के दौरान 25 करोड़ भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। भारतीय समुदाय ने कहा, वे अब पीएम मोदी के साथ जुड़ने पर गर्व महसूस करते हैं। देश के विकास की सराहना करते हुए, आसियान भारतीय व्यापार परिषद के सह-अध्यक्ष रमेश कोडम्मल ने कहा, भारत पिछले 10 वर्षों में आक्रामक रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, भारत के साथ मलयेशिया के व्यापार में भी सुधार हुआ है।
विश्व का पहला एआई इंजीनियर चुटकियों में बना देता है एप
अमेरिका स्थित एप्लाइड एआई लैब कॉग्निशन ने ‘डेविन’ नामक एआई सॉफ्टवेयर इंजीनियर तैयार किया है। कंपनी का दावा है कि ये विश्व का पहला एआई इंजीनियर है, जो कई काम आसानी से कर सकता है। डेविन लगातार सीखने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने और नई चुनौतियों के अनुसार अनुकूल करने के लिए मशीन लर्निंग एल्गोरिदम का उपयोग करता है। यह टीम के साथ व अकेले भी काम कर सकता है।
मरियम ने जेल का दौरा कर पिता के कठिन समय पर विचार किया
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पहली महिला सीएम मरयम नवाज ने कोट लखपत जेल के दौरे पर भावुक होकर कहा कि पूर्व पीएम नवाज शरीफ आज ‘किंगमेकर’ हैं और उनके उत्पीड़क कहीं नहीं हैं। मरयम ने अपनी और अपने पिता की इस जेल में बंद रहने के दौरान की मुश्किलों को याद किया तथा महिला कैदियों के साथ रोजा इफ्तारी की।