शेर के बाड़े में कूदने वाले शख्स का नाम फ्रैंको लुई फैरेडा रोमन है।
- फोटो : ट्विटर
चिली के सेंटियागो स्थित जू में कूदे शख्स के मामले में नया खुलासा हुआ है। express.co.uk की खबर के अनुसार, शेर के बाड़े में कूदने से पहले फ्रैंको लुई फैरेडा रोमन ने एक नोट लिखा था, जो कि अब सामने आया है। इसमें उसने लिखा है कि वह दुनिया को अपनी दैवीय शक्ति दिखाने के लिए शेर के बाड़े में कूदा था। नोट में उसने लिखा- 'मेरे फरिश्ते दुश्मन से मेरी रक्षा करेंगे। मेरे पास हर वो काम करने की शक्ति है, जो मैं करना चाहता हूं। शैतान मुझसे घबराएगा।'
फ्रैंको बीते शनिवार (21 मई) को जू में शेर के बाड़े में कूद गया था। वह शेरों को चिढ़ा रहा था। शुरुआत में शेरों ने उस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन थोड़ी देर में उन्हें गुस्सा आ गया और बाद में उन्होंने फ्रैंको पर हमला कर दिया। इसके बाद जू के कर्मचारियों ने शुरुआत में वॉटर कैनन से शेरों को भगाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार जू अथॉरिटी को शेरों को गोली मारनी पड़ी थी। इसके बाद फ्रैंको को अस्पताल ले जाया गया। अब वह खतरे से बाहर है।