सिंगापुर में अधिकारियों ने प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के खिलाफ फेसबुक पर एक टिप्पणी पोस्ट कर हिंसा भड़काने के आरोप में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के संबंध में एक पोस्ट पर वेब पोर्टल चैनल न्यूज एशिया के फेसबुक पेज के कमेंट सेक्शन में यह धमकी मिली थी। स्ट्रेट्स टाइम्स अखबार के अनुसार पुलिस ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री ली के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी के संबंध में शुक्रवार दोपहर 3.10 बजे एक रिपोर्ट मिली।
आरोपी से लैपटॉप, एक टैबलेट और चार मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने कहा कि जांच के बाद, पुलिस फेसबुक यूजर की पहचान करने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से एक लैपटॉप, एक टैबलेट और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जांच जारी है।
पांच साल तक की हो सकती है जेल
रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंसा के लिए उकसाने वाले किसी भी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को बनाने या संचार करने के अपराध में दोषी पाए जाने पर पांच साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकता है।
फेसबुक पर सिंगापुर के पीएम ली ने की थी टिप्पणी
बता दें कि प्रधानमंत्री ली ने शुक्रवार को अबे की हत्या को हिंसा का एक मूर्खतापूर्ण कृत्य बताया था। उन्होंने लिखा था कि अबे सिंगापुर के अच्छे मित्र थे। मैंने मई में अपनी टोक्यो यात्रा पर दोपहर के भोजन के लिए उनकी मेजबानी की थी। मेरे विचार और प्रार्थनाएं श्री अबे और उनके परिवार के साथ हैं।
शुक्रवार को जापान के पूर्व पीएम की हुई थी हत्या
बता दें कि 67 वर्षीय आबे की शुक्रवार को पश्चिमी जापान की एक सड़क पर एक बंदूकधारी ने हत्या कर दी थी, जिसने एक अभियान भाषण देते समय उन पर पीछे से गोलियां चला दी थीं।