मलेशिया की भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी और पुलिस ने कहा है कि हिरासत में लिए गए पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक सत्ता का दुरूपयोग करने और धन शोधन को लेकर कम से कम दो दर्जन से अधिक नये आरोपों का सामना करेंगे।
नजीब को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अपने बैंक खाते में 68. 1 करोड़ डॉलर का अंतरण करने को लेकर बुधवार को भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
राष्ट्रीय पुलिस उप प्रमुख नूर राशिद इब्राहिम ने बताया कि 21 आरोपों में अवैध धन प्राप्त करना, उसका इस्तेमाल करना और उसका अंतरण करना शामिल है।
भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने कहा कि नजीब मलेशियाई भ्रष्टाचार रोधी आयोग अधिनियम के प्रावधान के तहत आरोपों का सामना करेंगे।
(इनपुट-भाषा)