अमेरिका के नए चुने गए राष्ट्रपति जो बाइडन के बुधवार को होने वाले पदग्रहण समारोह का पूर्वाभ्यास उस समय संकट से गुजरा जब कैपिटल कॉम्प्लेक्स के एक हिस्से में आग लग गई। इस वजह से अलार्म बज उठे और कॉम्प्लेक्स को लॉकडाउन कर दिया गया। जांच हुई तो पता चला कि डेढ़ किमी दूर बेघरों के आश्रयस्थल में यह आग लगी थी। इसे आग बुझाने के बाद पूर्वाभ्यास पूरा किया गया।
1. मौजूदा राष्ट्रपति नहीं होंगे आयोजन का हिस्सा
ट्रंप पदग्रहण समारोह में शरीक होने से इनकार कर चुके हैं। यह अमेरिका के इतिहास में पहली बार है कि मौजूदा राष्ट्रपति नए राष्ट्रपति के पदग्रहण का हिस्सा नहीं बनेगा। आयोजन में उपराष्ट्रपति माइक पेंस मौजूद रहेंगे। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बाइडन को आमंत्रित भी नहीं किया, जो परंपरा मानी जाती है। बताया जा रहा है कि वे आयोजन में शरीक होने से बचने के लिए बुधवार सुबह ही व्हाइट हाउस छोड़ देंगे।
2. मेलानिया नई फर्स्ट लेडी की व्हाइट हाउस में मेजबानी नहीं की
अमेरिकी परंपरा के अनुसार मेलानिया ने नई प्रथम महिला डॉ. जिल को औपचारिक तौर पर व्हाइट हाउस में आमंत्रित नहीं किया। परंपरा के अनुसार जाते हुए राष्ट्रपति की पत्नी नए चुने गए राष्ट्रपति की पत्नी की औपचारिक मेजबानी करती हैं। मेलानिया को भी बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने आमंत्रित किया था, वह भी ऐसे समय में जब ट्रंप बराक की नागरिकता पर सवाल उठा रहे थे।
भारतीय समय अनुसार रात 10 बजे समारोह
बुधवार को मुख्य पदग्रहण समारोह सुबह 11ऱ्30 बजे से शुरू होगा। भारतीय समय अनुसार यह रात 10 बजे होगा। शुरुआत अमेरिका के राष्ट्रगान से होगी। पदग्रहण दोपहर 12 बजे होगा। इसके पहले सुबह नौ बजे से दूसरे आयोजन शुरू हो जाएंगे।