होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 18 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर पर हमला हुआ। जहाज पर सवार तीनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, हालांकि एक अधिकारी को प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इससे दो दिन पहले पनामा के टैंकर एमटी तारा गैस पर भी हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय नाविक अब तक लापता है। भारत ने समुद्री जहाजों पर हमलों को रोकने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित आवाजाही बहाल करने की मांग की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बुधवार को एक और तेल टैंकर पर हमला हुआ है। इस बार लाइबेरिया के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर एमटी नेविग-8 मेस्सी निशाने पर आया। जहाज फारस की खाड़ी से होर्मुज की ओर बढ़ रहा था, तभी उस पर प्रोजेक्टाइल (गोला या मिसाइल जैसा हथियार) से हमला किया गया। जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि जहाज पर सवार तीनों भारतीयों समेत पूरा चालक दल सुरक्षित है। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
विज्ञापन
हमले में कितने भारतीय घायल हुए और कैसी है उनकी हालत?
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि हमले के बाद एक भारतीय अधिकारी को प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बाकी दोनों भारतीय नाविक भी सुरक्षित हैं। जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी सदस्यों की स्थिति का पता लगा लिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अधिकारी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं और जहाज का प्रबंधन संभालने वाली कंपनी के संपर्क में हैं। नाविकों की सुरक्षा, इलाज और उनकी भलाई सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
दो दिन पहले किस दूसरे टैंकर पर हुआ था हमला?
इस घटना से दो दिन पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर एमटी तारा गैस पर मिसाइल हमला हुआ था। इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हमले के बाद 24 में से 21 भारतीयों को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब में तट पर पहुंचा दिया गया था। वहीं, घायल हुए दो भारतीय चालक दल के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक भारतीय नागरिक अब भी लापता था। भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर लापता नाविक की तलाश और बचाव अभियान पर नजर रख रहा था।
जहाजों पर हमलों को लेकर भारत ने क्या चिंता जताई?
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को बेहद चिंताजनक बताया है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि इस तरह की घटनाएं समुद्री जहाजों पर काम करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। भारत ने कहा है कि व्यापारिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के बहाल किया जाना चाहिए। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
भारत ने नाविकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए?
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जहाज का प्रबंधन संभालने वाली कंपनी से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और चिकित्सा जरूरतों का ध्यान रखा जा सके। वहीं, पिछले हमले में लापता भारतीय नाविक की तलाश के लिए ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। ओमान सरकार की ओर से बचाव अभियान में दी गई मदद के लिए विदेश मंत्रालय ने आभार जताया है।