सऊदी विश्वविद्यालय के सभी प्रतिनिधियों के लिए जागरूकता फैलाने और समाज के सभी वर्गों में जीवन शैली के बतौर योगाभ्यास को प्रेरित करने के लिए योग पर एक वर्चुअल व्याख्यान आयोजित किया गया। सऊदी गजट की रिपोर्ट के अनुसार, इसका उद्देश्य सऊदी विश्वविद्यालयों में पारंपरिक योग और योगासन खेल दोनों को पेश करना था ताकि विवि परिसरों में छात्रों को योगाभ्यास के लिए कई तरह के विकल्प दिए जा सकें।
इसमें मानसिक व शारीरिक सेहत को शामिल किया गया। सऊदी यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स फेडरेशन के सहयोग से सऊदी योग समिति ने रियाद में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। सऊदी योग समिति के अध्यक्ष नौफ अलमारवाई ने कहा कि समिति सऊदी समाज के भीतर बड़े पैमाने पर योग का प्रसार करना चाहती है।
अमेरिका में भारतवंशी पर धारदार हथियार से हमला
अमेरिका में उबर ईट्स के लिए डिलीवरी का काम करने वाले एक भारतवंशी भरत पटेल पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर शॉन कूपर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह सौ से ज्यादा बार गिरफ्तार हो चुका है।
‘न्यूयार्क पोस्ट’ के अनुसार न्यूयार्क के लोअर ईस्ट साइड पर भरत पटेल पर धारदार हथियार से हमला किया गया। अखबार ने भरत के हवाले से बताया कि आरोपी ने बिना कुछ कहे उस पर हमला किया और आसपास खड़े लोगों ने मेरी मदद तक नहीं की। पटेल (36) विवाहित हैं और छह वर्षीय बेटे के पिता हैं। उन पर हमला करने वाले की पहचान शॉन कूपर के रूप में की गई है। खबर के अनुसार, पुलिस ने कहा कि पटेल पर हमला करने वाला फरार हो गया। पुलिस ने बाद में 47 वर्षीय कूपर को गिरफ्तार कर लिया।
पाकिस्तान के नए वित्त मंत्री डार अब ‘भगोड़े’ की सूची से बाहर
पाकिस्तान के नवनियुक्त वित्त मंत्री इशाक डार के पेश होने के बाद अदालत ने उन्हें ‘भगोड़ा’ घोषित करने के लगभग पांच साल बाद अपने पुराने आदेश को उलट दिया। डार अदालत में पेश हुए और भ्रष्टाचार के एक मामले में मुकदमे का सामना करने का हलफनामा दिया।
बुधवार को डार की ओर से पेश वकील मिस्बाह-उल हसन काजी ने जवाबदेही अदालत के न्यायाधीश मोहम्मद बशीर से 72 वर्षीय मंत्री को जमानत के लिए आवेदन करने के बजाय आपराधिक प्रक्रिया संहिता के तहत मुचलका भरने की अनुमति देने का अनुरोध किया। जज ने आवेदन पर राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो को नोटिस जारी कर सात अक्तूबर तक जवाब मांगा है। हाल में जज ने डार का गिरफ्तारी वारंट निलंबित कर उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। डार पांच साल के आत्म-निर्वासन के बाद सोमवार को ब्रिटेन से पाकिस्तान लौटे थे।
तालिबान और रूस में तेल, गैस और गेहूं के लिए बड़ा समझौता
तालिबान ने रूस से गेहूं, गैस और तेल खरीदने के लिए बड़ा समझौता किया है। गत वर्ष 15 अगस्त को अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद तालिबान ने किसी दूसरे देश से यह पहला सौदा किया है। इसके तहत डीजल, गैस और गेहूं सहित अन्य उत्पाद रूसी मुद्रा में विशेष छूट पर खरीदे जाएंगे।
तालिबान सरकार के वाणिज्य-उद्योग मंत्री हाजी नूरुद्दीन ने इस सौदे की पुष्टि की है लेकिन मूल्य निर्धारण पर कोई विवरण नहीं दिया। बता दें, यह डील ऐसे वक्त में हुई है जब यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण वह बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। जबकि तालिबान हुकूमत को दुनिया के किसी भी देश ने मान्यता नहीं दी है।
‘ब्लूमबर्ग’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने अफगानिस्तान को कम दामों पर डीजल आपूर्ति की पेशकश की थी। बाद में सौदे में डील में एलपीजी और गेहूं भी जोड़ दिए गए। इस कदम से तालिबान की अमेरिका व पश्चिमी देशों से नाराजगी और बढ़ सकती है।
श्रीलंका : गोतबाया राजपक्षे से मिले सुब्रमण्यम स्वामी
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी ने बृहस्पतिवार को यहां श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे से मुलाकात की। स्वामी ऐसे पहले विदेशी मेहमान बन गए हैं, जिन्होंने अपदस्थ श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे से उनकी स्वदेश वापसी के बाद मुलाकात की है। श्रीलंका में सबसे खराब आर्थिक संकट से निपटने में विफल रहने के चलते विरोध-प्रदर्शन का सामना कर रहे राजपक्षे देश छोड़कर चले गए थे। स्वामी जनरल सर जॉन कोटेलावाला रक्षा विवि में राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक सम्मेलन में हिस्सा लेने श्रीलंका पहुंचे हैं। वह बुधवार को महिंदा राजपक्षे के आवास पर नवरात्रि पूजा में शामिल हुए थे।
ओकलैंड के हाईस्कूल में गोलीबारी, 6 लोग घायल
कैलिफोर्निया के ओकलैंड शहर के एक स्कूल में गोलीबारी में कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। रुड्सडेल न्यूकमर हाई स्कूल फायरिंग में घायलों में से तीन को ओकलैंड के हाईलैंड अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य तीन को कास्त्रो घाटी के ईडन मेडिकल सेंटर ले जाया गया। सभी 6 लोगों को गोली लगी है, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। हालांकि जो लोग घायल हैं, उनमें कोई भी स्कूली बच्चा शामिल नहीं है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है। पुलिस ने घटना के बारे में विवरण की जानकारी देने से इनकार कर दिया।