बास्केटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी कोबी ब्रायंट और आठ अन्य की मौत का कारण बनी हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच के जांचकर्ता पूरे सप्ताह तक घटनास्थल पर रहेंगे। जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि स्तब्ध कर देने वाले इस हादसे के कारणों का पता जल्द ही लगा लिया जाएगा।
41 वर्षीय ब्रायंट रविवार को अपनी 13 वर्षीय बेटी गियाना और सात अन्य के साथ जब निजी हेलीकॉप्टर से थाउजैंड ओक्स स्थित माम्बा स्पोर्टस अकादमी जा रहे थे तभी लास एंजिलिस के उत्तर पश्चिम स्थित कालाबासास में गहरी धुंध के कारण हेलीकॉप्टर पहाड़ियों से टकरा गया।
हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों व पायलट की मौत हो गई थी। ब्रायंट को बास्केटबॉल के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड की सदस्य जेनिफर होमेंडी ने कहा कि जांचकर्ता सबूत जुटाने के लिए पूरे सप्ताह तक दुर्घटनास्थल पर रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘दुर्घटनास्थल का दृश्य भयावह है। हम उन सबूतों को जुटाने के लिए लगभग पांच दिन तक यहां रहेंगे जो नष्ट हो सकते हैं।’ होमेंडी ने कहा कि एयरक्राफ्ट में ब्लैक बॉक्स नहीं था क्योंकि इस तरह के हेलीकॉप्टर में उसकी जरूरत नहीं होती है।