अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में सोमवार को हुए विमान हादसे को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ईरान की एक समाचार वेबसाइट ने अब दावा किया है कि इस दुर्घटना में अमेरिकी खुफिया एजेंसी के अधिकारी माइकल डी एंड्रिया की भी मौत हो गई है। माना जा रहा है कि ईरान के शीर्ष कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या करने की योजना बनाने में एंड्रिया की प्रमुख भूमिका थी।
एंड्रिया इराक, ईरान और अफगानिस्तान में अमेरिका के खुफिया अभियानों के प्रमुख थे। ईरानी वेबसाइट 'मेहर न्यूज' ने रूसी खुफिया सूत्रों के हवाले से कहा है कि सीआईए अधिकारी भी इस विमान में सवार थे। याद रहे कि अमेरिकी वायुसेना का एक विमान तालिबान नियंत्रण वाले क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
पेंटागन ने भी बाद में पुष्टि करते हुए कहा था कि एयर फोर्स ई-11 का निगरानी एयरक्राफ्ट अफगानिस्तान के तालिबान नियंत्रण वाले क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उन्होंने दावा किया है कि ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं, जिससे यह हरकत किसी दुश्मन की लगे।
हालांकि, तालिबान ने इस विमान को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक रक्षा विभाग कभी भी यह नहीं बताएगा कि विमान में कितने लोग सवार थे और कितने लोगों की मौत हो गई थी। अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना प्रवक्ता कर्नल सोनी लीगेट ने ट्वीट कर कहा कि मामले की जांच चल रही है और जानकारी मिलने पर सार्वजनिक की जाएगी।