उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता करने के लिए बुधवार को रूस पहुंच गए। किम जोंग-उन ने बुधवार को रूस में प्रवेश करते ही कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सार्थक एवं सफल शिखर वार्ता करने को उत्सुक हैं।
किम ने अपनी ट्रेन के सीमा पार करने के बाद खासान में एक रूसी टेलीविजन से कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि यह बैठक सफल एवं सार्थक रहेगी... मैं कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति के समाधान और हमारे द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर ठोस चर्चा कर पाऊंगा।"
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ फरवरी में हनोई में वार्ता बेनतीजा रहने के बाद किम गुरुवार को व्लादिवोस्तोक में पुतिन के साथ पहली बार शिखर वार्ता करेंगे।
'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) की एक रिपोर्ट के अनुसार वह अपनी निजी ट्रेन में बुधवार तड़के रूस के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ गए प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री री योंग हो भी शामिल हैं।
किम की ट्रेन तूमन नदी पार कर रूस की सीमा में दाखिल हुई।
रूसी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार लोक वेशभूषा में महिलाओं ने उनका स्वागत ब्रेड और नमक के साथ पारंपरिक तरीके से किया।
व्लादिवोस्तोक के रस्काई द्वीप पर मंगलवार को रूसी और उत्तर कोरियाई झंडे लहराते दिखे थे, जहां एक विश्वविद्यालय के परिसर में शिखर वार्ता होने की संभावना है।
विशेषज्ञों ने कहा कि वॉशिंगटन के साथ गतिरोध के बीच किम व्यापक अंतरराष्ट्रीय समर्थन की तलाश कर रहे हैं।
रूसी सरकार के मुख्यालय ‘क्रेमलिन’ ने मंगलवार को कहा था कि दोनों नेता रूस के पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में गुरुवार को मुलाकात करेंगे।