उत्तर कोरिया की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (NIS) ने खुलासा किया है कि तानाशाह किम जोंग उन अपनी बेटी किम जू ऐ उत्तराधिकारी के रूप में नामित करने की प्रक्रिया में काफी आगे बढ़ चुके हैं। गुरुवार को संसद की एक बंद कमरे की ब्रीफिंग में दी गई जानकारी के अनुसार, अब किम जू ऐ उत्तराधिकारी प्रशिक्षण से आगे बढ़कर उत्तराधिकारी के रूप में नामित होने के चरण में पहुंच चुकी हैं।
भाषा में बदलाव, संकेत मजबूत
एनआईएस के मुताबिक, पहले सरकारी हलकों में किम जू ऐ को केवल “प्रशिक्षण में” बताया जाता था, लेकिन अब आधिकारिक भाषा में बदलाव आया है। यह संकेत देता है कि उत्तराधिकार की योजना अधिक संगठित और ठोस रूप ले चुकी है। सांसद ली सियोंग-क्वेउन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि किम जू ऐ पिछले दो वर्षों में कई अहम सैन्य और प्रतीकात्मक कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आई हैं। इनमें कोरियन पीपुल्स आर्मी की वर्षगांठ, कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन का दौरा और वायु सेना दिवस समारोह शामिल हैं।
सैन्य कार्यक्रमों में प्रमुख उपस्थिति
सरकारी मीडिया में किम जू ऐ को इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) परीक्षण, सैन्य परेड और रक्षा अधिकारियों की बैठकों में प्रमुख स्थान पर दिखाया गया है। वह अक्सर अपने पिता के ठीक बगल में खड़ी नजर आती हैं, जो सत्ता हस्तांतरण की तैयारी का प्रतीक माना जा रहा है। एनआईएस का आकलन है कि किम जू ऐ अब डी फैक्टो दूसरे सबसे उच्च पद पर हैं और नीतिगत मामलों पर अपनी राय भी दे रही हैं।
रहस्यमय परिवार
यह तो स्पष्ट है कि किम जू ऐ उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता और वर्कर्स पार्टी के महासचिव किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल-जू की बेटी हैं। जू ऐ का जन्म किस तिथि और किस वर्ष में हुआ, इसका रहस्य अब तक बरकरार है। उनकी उम्र बारह या तेरह वर्ष है। चालीस साल से अधिक के हो चुके खुद किम जोंग उन की जन्म की तारीख और सन का अब तक कोई पता नहीं लगा पाया है। यहां तक कि दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी भी कयास ही लगाती रही। अमेरिका के दिग्गज बास्केटबाल खिलाड़ी डेनिस रोडमैन वर्ष 2013 में किम जोंग उन के परिवार से मिले थे। उन्होंने ही पहली बार यह बात सार्वजनिक की थी कि किम जोंग उन का एक बेटा व एक बेटी है। बताया जाता है जू ऐ अपने भाई से छोटी हैं, उनसे छोटी एक बहन भी है। हालांकि, वह बहन है या भाई, यह भी पक्का नहीं।
चौथी पीढ़ी
- वर्ष 1948 में जब उत्तर कोरिया का गठन हुआ, तो सबसे पहले इस देश की कमान किम इल सुंग ने संभाली और 1994 तक नेतृत्व किया।
- किम इल सुंग की छह संतानों में सबसे बड़े किम जोंग इल उत्तर कोरिया के दूसरे सर्वोच्च नेता बने।
- किम जोंग इल की तीसरी शादी से दूसरे नंबर के बेटे किम जोंग उन 2011 में पिता के निधन के बाद उत्तर कोरिया के सर्वेसर्वा बन गए।
- किम जोंग उन का 2009-10 में री सोल-जू से विवाह हुआ। किम और सोल-जू की तीन संतानों में किम जू ऐ दूसरे नंबर की हैं।
- बताते हैं कि तानाशाह किम जोंग उन अपनी बेटी जू ऐ को बेहद पसंद करते हैं और उसकी नेतृत्व क्षमता से भी खासे प्रभावित हैं।
- किम जोंग उन के सौतेले भाई-बहनों में भी अनबन चलती है। इस वजह से वह अपनी बेटी को पहले ही राजनीति के सभी दांवपेच सिखा देना चाहते हैं।
घुड़सवारी, स्कीइंग और तैराकी का शौक
बताया जाता है कि जू ऐ को स्कीइंग और तैराकी का शौक है। वह एक बेहतरीन घुड़सवार भी हैं। किम जू ऐ का कभी किसी आधिकारिक शिक्षा केंद्र में दाखिला नहीं हुआ। उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग स्थित आवास में ही भाई-बहन के साथ जू ऐ की शिक्षा व्यवस्था की गई है।