ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने आज पहला बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने अमेरिका से बदला लेने की बात कही है। इसके बाद ईरानी मीडिया की तरफ से बड़ा खुलासा किया गया कि पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्ते बघेरजादेह जिंदा हैं।
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी को लेकर फैली मौत की खबरों को ईरानी मीडिया ने गलत बताया है। ईरान की सरकारी मीडिया और एक न्यूज एजेंसी ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्ते बघेरजादेह जीवित हैं और उनके निधन की खबरें पूरी तरह गलत हैं।
खामेनेई के बाद उनकी पत्नी की मौत की आई थी खबर
दरअसल, हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के दौरान कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका और इस्राइल के हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि उसी हमले में उनकी पत्नी भी मारी गईं। इन खबरों के फैलने से सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में काफी भ्रम की स्थिति बन गई थी।
विज्ञापन
मोजतबा के पहले बयान के बाद हुआ खुलासा
हालांकि ईरान की मीडिया ने अब इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके निधन की खबरें अफवाह हैं। बताया जा रहा है कि जब ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने गुरुवार को अपना पहला आधिकारिक बयान जारी किया, तो उसमें अपनी मां के निधन का कोई जिक्र नहीं किया। इसके बाद ईरानी मीडिया ने साफ किया कि उनकी मौत की खबरें गलत थीं।
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण लगातार कई तरह की खबरें और दावे सामने आ रहे हैं। ऐसे माहौल में कई बार अपुष्ट जानकारी भी तेजी से फैल जाती है। ईरान की सरकारी एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से आई खबरों पर ही भरोसा करें।
अमेरिका-इस्राइल के हमले में ईरान के शीर्ष नेताओं की मौत
बता दें कि, हाल ही में अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त सैन्य हमलों में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और कई वरिष्ठ नेता मारे गए थे। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अरब देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इस्राइल से जुड़े ठिकानों पर हमले किए। इसके बाद से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।