अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर को गरुवार को सीनेट की समिति के सामने तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। तीन घंटे तक चले सवाल-जवाब में केनेडी ने कोरोना वैक्सीन पर अपने रुख का बचाव किया। उन्होंने उन आरोपों पर भी सफाई दी, जिनमें कहा जा रहा था कि उनके फैसलों से संघीय स्वास्थ्य एजेंसियों में अशांति फैल गई है।
केनेडी ने समिति को बताया कि उन्हें रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की पूर्व निदेशक पर भरोसा नहीं था। उन्होंने वैक्सीन के खिलाफ अपने पुराने बयानों को जायज ठहराया और उन खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा जा रहा था कि कोरोना वैक्सीन लेने से लोगों को परेशानी हो रही है। केनेडी लंबे समय से वैक्सीन विरोधी आंदोलन के प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य नीतियों और वैज्ञानिक शोध के लिए जिम्मेदार एजेंसियों में बड़े बदलाव किए हैं। इनमें हजारों कर्मचारियों की छंटनी, वैज्ञानिक सलाहकारों को हटाना और वैक्सीन से जुड़े दिशानिर्देशों में बदलाव करना भी शामिल है।
ये भी पढ़ें:
ट्रंप ने टेक दिग्गजों को दी डिनर पार्टी, मस्क रहे नदारद; जानिए कौन-कौन सीईओ रहे मौजूद
उनके इन कदमों से कई डेमोक्रेटिक पार्टी शासित राज्यों की स्वास्थ्य संस्थाओं की चिंता बढ़ गई है। कई चिकित्सा संगठनों और कांग्रेस (संसद) के डेमोक्रेट सांसदों ने केनेडी को पद से हटाने की मांग की है। समिति के सामने पूछताछ के दौरान डेमोक्रेट सांसदों और केनेडी के बीच तीखी बहस हुई।
हालांकि, कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने भी कोविड नीति में बदलाव पर चिंता जताई। रिपब्लिकन सांसदों ने याद दिलाया कि केनेडी ने एक ओर तो ट्रंप को 'ऑपरेशन वार्प स्पीड' (कोविड वैक्सीन को तेजी से विकसित करने और उसे लोगों तक पहुंचाने का सरकारी कार्यक्रम) के लिए नोबेल पुरस्कार का हकदार बताया था। वहीं, दूसरी ओर एमआरएनए वैक्सीन की सुरक्षा और इस्तेमाल पर सवाल उठाए थे। यानी केनेडी एक तरफ ट्रंप की तारीफ कर रहे हैं और दूसरी दरफ उसी वैक्सीन पर सवाल उठा रहे हैं, जो ट्रंप की सरकार में बनाई गई थी।
नॉर्थ कैरोलिना से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद थॉम टिलिस ने कहा, यह समझ में नहीं आता कि आप 'ऑपरेशन वार्प स्पीड' का समर्थन करते हैं या विरोध। टिलिस और अन्य सांसदों ने केनेडी से पूछा कि हाल ही में सीडीसी की नई निदेशक को क्यों हटाया गया, जबकि वह केवल एक महीने पहले पद पर आई थीं। केनेडी ने जवाब दिया कि निदेशक ईमानदार नहीं थीं और उनके समर्थन में इस्तीफा देने वाले सीडीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पद छोड़ने लायक थे। इन सांसदों ने सीडीसी की लॉकडाउन और मास्क लगाने जैसी नीतियों की आलोचना की और दावा किया कि ये कदम बीमारी को रोकने में विफल रहे। केनेडी ने कहा, जिन अधिकारियों ने केवल बच्चों को मास्क पहनाए, स्कूल बंद किए, उन्हें अब एजेंसी बाहर करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन अधिकारियों ने क्रोनिक बीमारियों को रोकने के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।
ये भी पढ़ें:
'युद्ध का युग नहीं', रूस-यूक्रेन जंग पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में दोहराई प्रतिबद्धता
राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा
बाद में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें केनेडी पर पूरा भरोसा है, तो राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने यह पूछताछ नहीं देखी, लेकिन उनका मानना है कि केनेडी की नीयत अच्छी है। ट्रंप ने कहा, उनका अलग दृष्टिकोण है, लेकिन हमें हर दृष्टिकोण को देखना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि यह पारंपरिक बातें नहीं हैं औ यह स्वास्थ्य से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बात की सराहना करते हैं कि केनेडी अलग दृष्टिकोण रखते हैं।
सीनेट की वित्त समिति ने 'अमेरिका को फिर से स्वस्थ बनाने' की योजना पर चर्चा के केनेडी को बुलाया था, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने ज्यादातर सवाल उनकी कोरोा वैक्सीन से जुड़ी नीति को लेकर पूछे। पूछताछ शुरू होने पर ओरेगन के सीनेटर रॉन वायडन ने मांग की केनेडी को गवाही देने से पहले शपथ दिलाई जाए। उनका आरोप था कि केनेडी पहले भी झूठ बोल चुके हैं। हालांकि, समिति के अध्यक्ष और इडाहो के सीनेटर माइक क्रैपो ने मांग ठुकरा दी और कहा कि उन्हें अपनी बात कहने दी जानी चाहिए।