महामारी का रूप ले चुके कोरोनावायरस के प्रकोप से दुनियाभर में आम लोगों के साथ-साथ खास लोग भी बच नहीं पा रहे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी भी इस जानलेवा विषाणु से संक्रमित पाई गई हैं। इसके अलावा ईरान के प्रमुख नेता के एक मुख्य सलाहकार में कोरोना वायरस के हल्के लक्षण पाए जाने के बाद उन्हें अलग रखा गया है। वहीं, एक शीर्ष सहायक के कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो की भी जांच की गई है।
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बृहस्पतिवार देर रात एक बयान में कहा कि सोफी ग्रेगोइरे ट्रूडो कोविड-19 से संक्रमित पाई गई हैं। इसमें कहा गया है कि चिकित्सा परामर्श के बाद वह कुछ समय तक अलग रहेंगी। वह ठीक हैं और सभी तरह की एहतियात बरत रही हैं तथा उनके लक्षण हल्के हैं। प्रधानमंत्री का स्वास्थ्य ठीक है और उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। एहतियातन तौर पर और डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें 14 दिनों के लिए अलग रखा जाएगा।
बोलसोनारो के बेटे एडुआर्डो बोलसोनारो ने टि्वटर पर कहा कि राष्ट्रपति बोलसोनारो की कोरोना वायरस के लिए जांच की गई है और हम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अभी उनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखे हैं।