विश्व कप मैच से पहले एक और विवाद खड़ा हो गया है। इस बार मामला कश्मीर से जुड़ा हुआ है। लंदन के लीड्स में भारत और श्रीलंका के क्रिकेट मैच से ठीक पहले एक गुमनाम हवाई जहाज 'जस्टिस फॉर कश्मीर' के बैनर के साथ उड़ता हुआ दिखाई दिया।
इसे लेकर बीसीसीआई ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। बोर्ड ने कहा है कि पहले महेंद्र सिंह धोनी के बलिदान बैज को लेकर पाकिस्तान ने विरोध जताया, अब आसमान में कश्मीर को लेकर बैनर लहराया गया, आईसीसी पाकिस्तान पर पाबंदी लगाए।
आईसीसी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि राजनीतिक और विरोधी भाव की हरकतों को बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि लीड्स स्टेडियम उत्तरी इंग्लैंड के यॉर्कशायर में है और यहां पाकिस्तानी मूल की आबादी काफी तादाद में है। आईसीसी की सुरक्षा टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिछले दस दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है जब क्रिकेट मैच में दौरान विवाद की स्थिति बनाई गई। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले के पहले भी ब्रैडफोर्ड एयरपोर्ट पर एक ड्रोन विमान देखा गया था, जिसपर 'जस्टिस फॉर बलोचिस्तान' का बैनर लगा हुआ था।
इस बैनर की वजह से स्टेडियम में हुड़दंग शुरू करने वाले कुछ लोगों को परिसर से बाहर निकालना पड़ा था।
उल्लेखनीय है कि जस्टिस फॉर बलोचिस्तान बैनर की घटना के बाद आईसीसी ने कहा था कि अब इस तरह की हरकतें किसी भी सूरत में दोहराने नहीं दी जाएंगी।