पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बंदूकधारियों ने शनिवार को अपहरण का विरोध करने पर बलोच पत्रकार अब्दुल लतीफ बलोच की गोली मारकर हत्या कर दी। लतीफ क्वेटा स्थित एक समाचार पत्र के लिए काम करते थे। कुछ महीने पहले लतीफ के बड़े बेटे का भी अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसका शव बरामद हुआ था।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दानियाल काकर ने बताया, बंदूकधारी लतीफ के अवारन जिले के मश्कय स्थित उनके घर में घुसकर उन्हें अगवा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो बंदूकधारियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:- खतरनाक मेल: उमस भरी गर्मी और लू बन रही जानलेवा, वैज्ञानिकों की चेतावनी- जलवायु परिवर्तन से हालात और गंभीर
पाकिस्तान फेडरल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (पीएफयूजे) समेत कई पत्रकार संगठनों ने डेली इंतिखाब अखबार से जुड़े पत्रकार लतीफ की हत्या की निंदा की है। वहीं मामले में बलूच यकजेहती समिति (बीवाईसी) ने सरकार समर्थित मिलिशिया पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तानी सरकार समर्थित मिलिशिया ने पत्रकार लतीफ को पत्नी व बच्चों के सामने गोली मार दी।
ये भी पढ़ें:- चिंता बढ़ी: खेती-पशुपालन में एंटीबायोटिक का बढ़ता प्रयोग, दावा- 2050 तक सुपरबग्स से हो सकती है एक करोड़ मौतें
अपनी निडर रिपोर्टिंग से हुए थे विख्यात
बता दें कि लतीफ को अशांत प्रांत में मानवाधिकार उल्लंघन के मामले में उनकी निडर रिपोर्टिंग के लिए व्यापक रूप से सम्मानित किया गया था। उनके काम ने उत्पीड़ितों को आवाज दी और पाकिस्तानी सैन्य अभियानों के तहत बलोच समुदायों की पीड़ा को सार्वजनिक मंच दिया।