अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन
- फोटो : PTI (File Photo)
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि उनके कार्यकाल के पहले तीन महीनों में 10 करोड़ लोगों तक कोरोना वायरस की वैक्सीन को पहुंचाया जाएगा। बाइडन ने राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने पर पहले 100 दिन में कोविड-19 वैक्सीन की 10 करोड़ खुराक मुहैया कराने का संकल्प लिया।
महामारी से निपटने के लिए अपनी टीम का परिचय करवाते हुए बाइडन ने डेलावेयर में मंगलवार को कहा कि आंरभ में नई सरकार की शीर्ष तीन प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने अमेरिकी जनता से अगले 100 दिन तक मास्क पहनने की अपील की ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संघीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में इसे अनिवार्य किया गया है।
इसके बाद बाइडन ने इसी अवधि में दस करोड़ अमेरिकी लोगों के बीच वैक्सीन को वितरित करने का वादा भी किया। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनके कार्यकाल के पहले 100 दिन के भीतर वायरस को इतना तो काबू में लाया जा सकेगा कि अधिकांश स्कूलों को फिर से खोला जा सके। बाइडन ने कहा, बच्चों को फिर से स्कूल भेजना राष्ट्रीय प्राथमिकता होनी चाहिए।
इससे पहले, बाइडन ने कहा कि राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने के बाद वह सबसे पहले अमेरिकी नागरिकों से 100 दिनों तक मास्क पहनने की अपील करेंगे। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के इस कदम को उल्लेखनीय माना जा रहा है क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए मास्क पहनने के उपाय को कभी कारगर नहीं माना।
कई लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मास्क पहनना इस महामारी पर काबू पाने का बेहद कारगर तरीका है। संक्रमण से अमेरिका में 2,75,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बाइडन मास्क पहनने के मुखर समर्थक रहे हैं और उन्होंने इसे देशभक्ति जताने का एक तरीका बताया है। चुनाव प्रचार के दौरान भी बाइडन ने इसका बढ़-चढ़ कर समर्थन किया।