फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सप्लेनर: क्या यूएस-चीन की एआई जंग में फंसी एनवीडिया? सीईओ जेन्सेन हुआंग भी घिरे; कैसे आया नाम, पूरी कहानी

Mon, 09 Nov 2026 08:15 PM IST
अमन तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़े कथित जासूसी विवाद में एलिस हुआंग और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड का नाम सामने आया है। जानिए अरबों डॉलर की चिप खरीद, चीन को एआई तकनीक पहुंचने की आशंका और अमेरिकी जांच के पीछे की पूरी कहानी...
 
विज्ञापन
अमेरिका-चीन की एआई जंग में फंसी एनवीडिया? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया के मालिक जेन्सेन हुआंग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। इस मामले में उनके निजी रिश्तों, चीनी जासूसी और अरबों डॉलर के कारोबार के तार आपस में जुड़े हैं। यह मामला सिर्फ एक कारोबारी कंपनी या किसी कथित प्रेम संबंध तक सीमित नहीं है। इसके केंद्र में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन को उन्नत एआई तकनीक की पहुंच रोकने की कोशिशें भी हैं।
विज्ञापन


विवाद तब और बढ़ गया, जब हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार करते हुए परिवार और एनवीडिया के कर्मचारियों से माफी मांगी। दूसरी ओर, एनवीडिया के निदेशक मंडल ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि हुआंग के करीब पहुंची एलिस हुआंग नाम की महिला चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं। वह सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व कार्यकारी भी रह चुकी हैं।

इस पूरे मामले में मेगास्पीड का नाम खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि उसकी सहयोगी कंपनी ने करीब 4.8 अरब डॉलर के एनवीडिया उपकरण खरीदे। अमेरिकी एजेंसियों को आशंका है कि दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर के जरिये चीन की कंपनियां अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद एनवीडिया की उन्नत चिप तकनीक तक पहुंच बना रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी जांच में मेगास्पीड की ओर से अवैध तरीके से चिप चीन पहुंचाने की बात साबित नहीं हुई है।
विज्ञापन


आइए समझते हैं कि जेन्सेन हुआंग से जुड़ा यह विवाद क्या है, एलिस हुआंग कौन हैं, मेगास्पीड की भूमिका क्यों सवालों के घेरे में है और यह मामला अमेरिका-चीन के बीच चल रही एआई तकनीक की प्रतिस्पर्धा के लिए कितना महत्वपूर्ण है...
Trending Videos

क्या है जेन्सेन हुआंग से जुड़ा पूरा विवाद?
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग को लेकर विवाद की शुरुआत 29 अक्टूबर को आई एक रिपोर्ट से हुई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि चीन की खुफिया एजेंसी ने एलिस हुआंग के जरिये एनवीडिया प्रमुख तक पहुंच बनाने की कोशिश की। एलिस का दूसरा नाम हुआंग ली भी बताया गया है। वह चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस ने जेन्सेन हुआंग के साथ करीबी संबंध स्थापित किए थे। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को आशंका थी कि इस संपर्क का इस्तेमाल एनवीडिया प्रमुख से जुड़ी जानकारी जुटाने और चीन को उन्नत चिप निर्यात करने के संबंध में उनकी सोच को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।

इसके बाद आठ नवंबर को जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे ईमेल में अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की। उन्होंने लिखा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है और इसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता। उन्होंने अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए परिवार से माफी मांगी। हालांकि, इस ईमेल में उन्होंने एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि एनवीडिया के कर्मचारियों, निदेशक मंडल और कंपनी के साझेदारों का भरोसा दोबारा जीतने के लिए वह काम करेंगे।

इस घटनाक्रम के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच का फैसला किया। जांच की जिम्मेदारी स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति को दी गई है, जो बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल करेगी। कंपनी के बोर्ड ने कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।

जेन्सेन हुआंग - फोटो : अमर उजाला
कौन हैं एलिस हुआंग, जिन पर चीन के लिए जासूसी का संदेह है?
इस पूरे विवाद में एलिस हुआंग का नाम सबसे अहम है। उन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। वह चीन की नागरिक हैं और मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी रह चुकी हैं। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि वह चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के लिए काम कर रही थीं। एलिस और जेन्सेन हुआंग के बीच संपर्क की कुछ घटनाओं का भी रिपोर्टों में जिक्र किया गया है। जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में दोनों को एक साथ देखा गया था। उस समय उनके साथ गीगाबाइट और नेटथंडर से जुड़े अधिकारी भी मौजूद थे। मई 2025 में ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर भी एलिस को जेन्सेन हुआंग के आसपास देखा गया था।

रिपोर्टों में एक गोपनीय ज्ञापन का हवाला देते हुए दावा किया गया कि चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने एलिस को जेन्सेन हुआंग के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था। आशंका यह भी जताई गई कि उन्हें एनवीडिया की चीन को चिप बेचने की नीति को प्रभावित करने का काम सौंपा गया था। हालांकि, इन आरोपों के संबंध में कई सवाल अभी अनुत्तरित हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि चीन ने एलिस को मेगास्पीड से जुड़ने से पहले भर्ती किया था या जेन्सेन हुआंग से संपर्क बनने के बाद। दोनों की पहली मुलाकात कब हुई, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

एलिस के पेशेवर करियर को लेकर भी कई दावे सामने आए हैं। चीन के एक निजी फंड डेटाबेस में उपलब्ध प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने हुनान टीवी और चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी में पत्रकार के तौर पर काम किया था। इसके बाद वह एचएसबीसी के प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन से जुड़ीं और बाद में सीआईटीआईसी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष के पद पर पहुंचीं। हालांकि, उनके पत्रकारिता करियर से जुड़े दावों पर सवाल भी उठे। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हुनान टीवी के एक अधिकारी ने कहा कि उन्होंने एलिस हुआंग का नाम पहले कभी नहीं सुना। सीसीटीवी की वेबसाइट पर भी उनके नाम से कोई प्रोफाइल नहीं मिली।

क्या है मेगास्पीड और चीन से इसके कथित कारोबारी संबंध?
मेगास्पीड सिंगापुर में पंजीकृत कंपनी है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर के जरिये एआई कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराती है। मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों में इसकी कारोबारी गतिविधियां हैं। कंपनी का पुराना नाम 7रोड इंटरनेशनल था, जो चीन के मोबाइल गेमिंग और क्लाउड कंप्यूटिंग कारोबार से जुड़ी कंपनी 7रोड से संबंधित थी। मार्च 2023 में 7रोड इंटरनेशनल ने अपना नाम बदलकर मेगास्पीड कर लिया। इसी महीने एलिस हुआंग कंपनी की प्रबंध निदेशक बनीं। कंपनी के स्वामित्व में भी बदलाव हुआ। शुरुआत में इसका स्वामित्व हुआंग ले लिमिटेड को सौंपा गया और नवंबर में एक अन्य कंपनी स्विफ्टडेटा के पास चला गया। तब तक एलिस निदेशक पद से इस्तीफा दे चुकी थीं।

एनवीडिया का कहना है कि मेगास्पीड के चीनी शेयरधारक नहीं हैं और उसका संचालन चीन के बाहर होता है। इसके बावजूद कंपनी के कारोबारी संबंधों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों ने सवाल उठाए हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह एनवीडिया के उन्नत एआई उपकरणों की खरीद है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिकॉर्ड के मुताबिक, मेगास्पीड की मलेशियाई सहयोगी कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच कम से कम 4.8 अरब डॉलर के ऐसे उपकरण खरीदे, जिनमें एनवीडिया की तकनीक इस्तेमाल होती है। यह खरीद शुरुआती अनुमानों से काफी अधिक थी। मेगास्पीड ने शुरुआत में एनवीडिया के उत्पाद खरीदने के लिए करीब दो अरब डॉलर खर्च करने की प्रतिबद्धता जताई थी। लेकिन व्यापारिक रिकॉर्ड में सामने आया आंकड़ा 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा बताया गया।

मेगास्पीड का कारोबारी मॉडल भी इस मामले को महत्वपूर्ण बनाता है। कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर बनाकर वहां एनवीडिया के उन्नत उपकरणों का इस्तेमाल करती है। इसके बाद चीन की कंपनियों को इन डेटा सेंटर की कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर उपलब्ध कराई जाती है। इस व्यवस्था में चीन की कंपनियों को सीधे एनवीडिया के चिप खरीदकर अपने देश ले जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे अमेरिकी प्रतिबंधों के प्रभाव को लेकर सवाल उठते हैं। हालांकि, विदेश में स्थापित डेटा सेंटर की कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर लेना अपने आप में गैरकानूनी नहीं है। सवाल यह है कि क्या इस व्यवस्था का इस्तेमाल अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार करने के लिए किया गया।

4.8 अरब डॉलर के उपकरणों की खरीद पर अमेरिकी जांच क्यों हुई?
अमेरिका ने मेगास्पीड की गतिविधियों की जांच जेन्सेन हुआंग और एलिस से जुड़े विवाद के सामने आने से पहले ही शुरू कर दी थी। अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने 2024 के आखिर में कंपनी के कामकाज की जांच शुरू की। इसकी वजह मलेशिया स्थित एक डेटा सेंटर का निरीक्षण था। रिपोर्टों के मुताबिक, वहां पहुंचे एक अमेरिकी अधिकारी को एनवीडिया के उपकरण डिब्बों में पैक मिले थे। इससे संदेह हुआ कि कहीं इन उपकरणों को डेटा सेंटर में लगाने के बजाय किसी दूसरे स्थान पर भेजने की तैयारी तो नहीं थी।

इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने जांच की कि क्या मेगास्पीड के जरिये एनवीडिया के चिप चीन पहुंचाए जा रहे हैं। इस साल यह जांच अमेरिकी न्याय विभाग को सौंप दी गई। अक्टूबर 2025 में रिपब्लिकन सीनेटर टॉम कॉटन ने भी अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक को पत्र लिखकर कंपनी के स्वामित्व, कारोबारी संबंधों और निर्यात प्रतिबंधों के संभावित उल्लंघन की जांच करने की मांग की थी। वहीं सिंगापुर ने भी मेगास्पीड के खिलाफ घरेलू कानूनों के संभावित उल्लंघन को लेकर जांच की पुष्टि की है। हालांकि, वहां के अधिकारियों ने जांच के तहत आने वाले विशिष्ट अपराधों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

क्या अलीबाबा भी इस पूरे मामले से जुड़ा है?
मेगास्पीड के कारोबारी संबंधों को लेकर मई 2026 में एक और रिपोर्ट सामने आई थी। शॉर्ट-सेलिंग फर्म कलपर रिसर्च ने दावा किया कि कंपनी को अलीबाबा से जुड़े स्रोतों के जरिये वित्तीय मदद मिली थी। कलपर रिसर्च ने कॉरपोरेट दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि मेगास्पीड की बैलेंस शीट 2023 के अंत में 3.3 करोड़ डॉलर थी, जो 2024 में बढ़कर तीन अरब डॉलर हो गई। इस बढ़ोतरी में 2.9 अरब डॉलर के रिफंडेबल डिपॉजिट यानी वापस किए जा सकने वाले जमा का बड़ा योगदान बताया गया। रिपोर्ट में मेगास्पीड की मलेशियाई सहयोगी कंपनी स्पीडमैट्रिक्स का भी जिक्र किया गया। इसके मुताबिक, स्पीडमैट्रिक्स ने अपना कारोबार सिंगापुर की कंपनी एपेक्स एंटरप्राइज सॉल्यूशंस के पास गिरवी रखा था। इस कंपनी की मूल कंपनी अलीबाबा बताई गई।

कलपर रिसर्च ने आरोप लगाया कि इन व्यवस्थाओं के जरिये अलीबाबा से जुड़ी वित्तीय मदद एनवीडिया के सर्वर खरीदने में इस्तेमाल की गई। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि वित्त वर्ष 2026 में एनवीडिया की कंप्यूटिंग से जुड़ी 20 फीसदी से अधिक कमाई के पीछे दक्षिण-पूर्व एशिया के बिचौलियों के माध्यम से आई चीनी मांग और चिप की कथित अवैध आपूर्ति की भूमिका थी। हालांकि मेगास्पीड ने गलत काम करने से इनकार किया है। एनवीडिया का भी कहना है कि उसकी जांच में चिप को अवैध तरीके से दूसरी जगह पहुंचाने का कोई सबूत नहीं मिला।

जेन्सेन हुआंग - फोटो : अमर उजाला
जेन्सेन हुआंग और चीन को चिप बेचने की नीति का क्या संबंध है?
इस विवाद का एक महत्वपूर्ण पहलू जेन्सेन हुआंग की चीन को एनवीडिया के चिप निर्यात पर प्रतिबंधों में ढील देने की वकालत है। अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन को कुछ उन्नत चिप भेजने पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसकी वजह यह चिंता है कि इन चिप का इस्तेमाल चीन अपनी सैन्य और खुफिया क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कर सकता है। एनवीडिया के चिप आधुनिक एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने और चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, मेटा और अमेजन जैसी कंपनियां एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए एनवीडिया के प्रोसेसर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रही हैं। यही वजह है कि कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो चुकी है।

जेन्सेन हुआंग लगातार यह तर्क देते रहे हैं कि चीन को अमेरिकी चिप की आपूर्ति पूरी तरह रोकना सही रणनीति नहीं है। उनका कहना है कि अगर चीन को अमेरिकी तकनीक के बेहतर चिप नहीं मिलेंगे तो वह अपने घरेलू चिप उद्योग और तकनीकी क्षमताओं को विकसित करने पर ज्यादा ध्यान देगा। उनके मुताबिक, चीन को अपेक्षाकृत कम उन्नत चिप उपलब्ध कराने से अमेरिकी कंपनियों की बाजार में मौजूदगी बनी रह सकती है। लेकिन अमेरिकी सांसदों और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों का एक वर्ग इस विचार से सहमत नहीं है। उनकी चिंता है कि चीन को उन्नत एआई तकनीक उपलब्ध कराने से उसकी सैन्य क्षमताओं को बढ़ावा मिल सकता है।

ऐसे में एलिस हुआंग से जुड़े जासूसी के संदेह ने जेन्सेन की इस पैरवी को और संवेदनशील बना दिया है। अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि अगर चीन की खुफिया एजेंसी ने एनवीडिया प्रमुख तक व्यक्तिगत पहुंच बनाई थी, तो क्या इसका इस्तेमाल चिप निर्यात नीति को प्रभावित करने के लिए भी किया जा सकता था। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई प्रमाण सार्वजनिक नहीं हुआ है कि एलिस ने जेन्सेन हुआंग को अमेरिकी निर्यात नीति बदलने के लिए प्रभावित किया या कंपनी की गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंचाई।
विज्ञापन

अमेरिका, चीन और सिंगापुर का इस मामले पर क्या रुख है?
एनवीडिया ने शुरुआत में जेन्सेन हुआंग और एलिस के बीच मुलाकातों को सामान्य कारोबारी संपर्क बताया था। हुआंग ने भी कहा था कि मेगास्पीड से जुड़े अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत सामान्य थी और उन्हें अमेरिकी सरकार की ओर से एलिस को लेकर किसी संदेह की जानकारी नहीं दी गई थी। हालांकि, अब कंपनी के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। बोर्ड ने साफ किया है कि वह अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और कंपनी की गोपनीय जानकारी से जुड़े सवालों को गंभीरता से ले रहा है। वहीं चीन ने एलिस हुआंग पर लगाए गए जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। बीजिंग ने इन्हें बेबुनियाद आरोप बताया।

सिंगापुर ने भी एलिस हुआंग के कथित खुफिया संबंधों की जांच करने से इनकार किया है। वहां के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेगास्पीड के खिलाफ चल रही जांच और एलिस पर लगाए गए जासूसी के आरोप दो अलग-अलग मामले हैं। सिंगापुर ने 31 अक्टूबर को भी कहा था कि उसने एलिस के कथित खुफिया संबंधों की जांच नहीं की है। सिंगापुर का कहना है कि वह अमेरिका के एकतरफा निर्यात प्रतिबंधों को अपने यहां लागू नहीं करता। हालांकि, अगर कोई कंपनी धोखाधड़ी के जरिये सिंगापुर का इस्तेमाल विदेशी प्रतिबंधों से बचने के लिए करती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। मेगास्पीड ने भी अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज किया है। कंपनी ने बताया है कि उसने मामले की जांच के लिए बाहरी कानूनी सलाहकार नियुक्त किए हैं और अमेरिकी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है।

अमेरिकी संसद तक पहुंच मामला
जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद का असर अब अमेरिकी संसद तक पहुंच गया है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन रिपब्लिकन समितियों के अध्यक्षों ने हुआंग को 18 नवंबर को बंद कमरे में होने वाली बैठक में जानकारी देने के लिए बुलाया है। सांसद चीन की उन्नत अमेरिकी तकनीक तक पहुंच और उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के जोखिमों पर जवाब चाहते हैं। डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने भी जेन्सेन हुआंग और एनवीडिया के निदेशक मंडल से इस मामले पर जवाब मांगा है।

मामले पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब इस विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर हुआंग से बात नहीं की है। उन्होंने एनवीडिया प्रमुख को अच्छा और सम्मानित व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे कंपनी का आंतरिक मामला बताया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें