इराक के कुर्दिस्तान में खोर मोर गैस क्षेत्र पर एक ड्रोन हमला हुआ है। अल जज़ीरा के अनुसार, इस हमले से क्षेत्र में बड़ा ऊर्जा आपातकाल उत्पन्न हो गया। कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (केआरजी) के बिजली मंत्रालय के प्रवक्ता ओमिद अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रिड में बिजली उत्पादन लगभग 2.8 गीगावाट कम हो गया। ड्रोन विस्फोट से गैस आपूर्ति बाधित हुई। इससे एरबिल, सुलेमानियाह, बाजियान, चमचमाल और दुहोक जैसे पांच प्रमुख शहरी केंद्रों को ईंधन नहीं मिला। अधिकारियों ने ग्रिड के पतन को रोकने के लिए आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए। बिजली मंत्रालय संवेदनशील स्थलों (अस्पतालों) को बिजली देने के लिए जलविद्युत व अन्य ईंधन स्टेशनों का उपयोग कर रहा है। कुर्द सुरक्षा बलों ने हमले की पुष्टि की पर किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली। यह हमला कुर्द अधिकारियों और तेहरान के बीच उच्च स्तरीय सुरक्षा वार्ता के दौरान हुआ।
फ्रांस ने ईरान पर लगाया साइबर हमले का आरोप, ईरानी राजदूत को किया तलब
फ्रांस ने अपने यहां हुए बड़े साइबर हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस ने सुपरमार्केट के फ्रिज को निशाना बनाकर किए गए साइबर हमले के मामले में ईरान पर आरोप लगाया है।
फ्रांस ने इस मामले में ईरान के राजदूत को भी तलब किया है। यानी उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए विदेश मंत्रालय बुलाया है।
पाकिस्तान ने सऊदी अरब पर हमले की निंदा की
पाकिस्तान ने सोमवार को सऊदी अरब को समर्थन दोहराया। उसने सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको पर हुए हमले की निंदा की। यह हमला यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद के वित्तीय इलाके में किया था।
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, रविवार को हुए इस हमले में अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा। हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह इस हमले की कड़ी निंदा करता है। यह हमला करने की कोशिश की गई थी। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा, हम सऊदी अरब के नेतृत्व और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। हम उसकी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए जरूरी सभी कदमों को अपना पूरा समर्थन देते हैं। बयान में आगे कहा गया कि सऊदी अरब की सुरक्षा पाकिस्तान के लिए 'बेहद अहम' है। मंत्रालय ने कहा, अपने सऊदी भाइयों और बहनों की सुरक्षा और भलाई के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।
नेपाल: पति की हत्या के आरोप में पत्नी और भारतीय साथी गिरफ्तार
नेपाल के मोरंग जिले में एक महिला और उसके भारतीय साथी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर महिला के पति की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पति के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नेपाल पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के बयान के मुताबिक, मृतक की पहचान बुधा राम सोरेन (40 वर्षीय) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी कमला बास्के की उम्र 35 साल है। वहीं, उसके कथित प्रेमी सुनील मिश्रा की उम्र 27 साल है। वह बिहार का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार की है। आरोप है कि कमला और सुनील ने मिलकर सोरेन के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। चोट लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वे कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें जहादा ग्रामीण नगरपालिका के पास एक खेत से पकड़ा गया।
नेपाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच भी की जा रही है।
अमेरिका-ईरान वार्ता बेनतीजा, तेहरान ने दी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को सुलझाने के राजनयिक प्रयासों में कोई प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने ईरान की मांगों को "अस्वीकार्य", "अपमानजनक" और "हास्यास्पद" बताया। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, रुबियो ने रविवार को फ्लोरिडा में पत्रकारों से बात करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने तेहरान को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। रुबियो ने स्वीकार किया कि कई तीसरे देश मध्यस्थता कर रहे हैं, पर किसी समझौते की संभावना से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीति से विवाद सुलझाने को प्राथमिकता देते हैं, पर अवास्तविक शर्तों पर बातचीत नहीं हो सकती। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी तेहरान में बातचीत रुकने की बात मानी। उन्होंने इसका कारण अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के परिणाम बताए। अराघची ने अमेरिका को चेतावनी दी कि या तो तेहरान का प्रस्ताव स्वीकार करे या गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करे। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि अब वाशिंगटन को ही फैसला करना है।