अमेरिका के नवनिर्वाचित उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने भारतीय शाकाहारी व्यंजनों के प्रति अपनी सराहना व्यक्त की। इसके लिए उन्होंने अपनी भारतीय-अमेरिकी पत्नी उषा वेंस को श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि जब वे डेटिंग कर रहे थे, तो उन्होंने उषा के लिए पहला शाकाहारी खाना बनाया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह अपने पहले प्रयास में अच्छा खाना नहीं बना पाए और उन्हें वह पसंद नहीं आया।
पिछले हफ्ते 'जो रोगन एक्सपीरियंस' शो में जो रोगन के साथ जेडी वेंस ने बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उषा चिलुकुरी से शादी करने के बाद उन्हें खान-पान की भारतीय विरासत के बारे में जानकारी हुई। खासकर जब वे प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों से दूर होकर शाकाहारी खाना पकाने की दुनिया में आए। भारतीय खाने से जुड़े वेंस के अनुभव की यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इसी में एक एक्स हैंडल- @AutismCapital पर भी वीडियो शेयर की गई। इसमें वेंस अपने रसोई के अनुभव शेयर करते सुने जा सकते हैं।
प्रसंस्कृत मांस की आलोचना से हुई बातचीत की शुरुआत
बातचीत की शुरुआत जो रोगन के प्रसंस्कृत मांस की आलोचना से हुई, जिसे उन्होंने 'अत्यधिक प्रसंस्कृत कचरा' कहा। वेंस, जिन्होंने हाल के वर्षों में अधिक पौधे-आधारित आहार अपनाया है, पूरी तरह से सहमत थे। फिर बात भारतीय शाकाहारी भोजन की ओर मुड़ गई, जिसे वेंस अब बहुत पसंद करते हैं।
उषा से मिलने से पहले वेंस को भारतीय व्यंजनों के बारे में नहीं थी जानकारी
रोगन ने भारतीय व्यंजनों की विविधता की सराहना की और कहा कि अगर आप सब्जियां खाना चाहते हैं और शाकाहारी बनना चाहते हैं, तो भारतीय खाना खाएं। वेंस, जो सहमति में सिर हिला रहे थे, यह बताने से नहीं रुक पाए कि कैसे उनकी पत्नी की पृष्ठभूमि ने उनके खाने और पकाने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। जेडी वेंस ने यह स्वीकार किया कि उषा वेंस से मिलने से पहले उन्हें भारतीय व्यंजनों के बारे में बहुत कम जानकारी थी। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह उषा से मिले, तो उन्हें यह भी नहीं पता था कि शाकाहारी लोग खाते क्या हैं।
वेंस ने कहा- भारतीय खाना स्वादिष्ट और विविधता से भरपूर
जेडी वेंस ने उत्साह से कहा कि मेरी पत्नी भारतीय-अमेरिकी है। वह बेहतरीन शाकाहारी खाना बनाती है। मैं कह रहा हूं, अगर आप शाकाहारी बनना चाहते हैं, तो भारतीय खाना खाएं। यह असाधारण शाकाहारी विकल्प देता है। वेंस ने आगे कहा, 'किसी भी शाकाहारी के लिए पनीर, चावल और छोले खाओ। गंदे नकली मांस को छोड़ दो।' उन्होंने कहा कि भारतीय खाना असली है और यह स्वादिष्ट, मसालेदार तथा विविधता से भरपूर है।
उषा के साथ डेटिंग के मजेदार अनुभव साझा किए
लेकिन वेंस सिर्फ भारतीय भोजन के बारे में तारीफ ही नहीं कर रहे थे। उन्होंने उषा के साथ डेटिंग के शुरुआती दिनों का एक मजेदार अनुभव भी साझा किया, जब उन्होंने उसे घर का बना शाकाहारी खाना बनाकर प्रभावित करने की कोशिश की थी। उन्होंने मजाक में कहा कि उस कोशिश का नतीजा बहुत ही खराब था।