अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी के समर्थन का ऐलान किया है। वेंस ने रामास्वामी को अपना दोस्त बताते हुए उनके नेतृत्व की क्षमता पर भरोसा जताया। यह समर्थन ऐसे समय आया है, जब हाल में एक राजनीतिक सम्मेलन में रामास्वामी को विरोध और हूटिंग का सामना करना पड़ा था।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के अपने साथी और अच्छे दोस्त विवेक रामास्वामी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी कारोबारी से नेता बने रामास्वामी ''एक शानदार गवर्नर साबित होंगे।''
विज्ञापन
41 वर्षीय रामास्वामी को वेंस का समर्थन ऐसे समय मिला है, जब कुछ सप्ताह पहले सिनसिनाटी में यंग अमेरिकन्स फॉर लिबर्टी सम्मेलन के दौरान उनके बयानों से नाराज भीड़ ने उन्हें हूट किया था और मंच से जाने के लिए मजबूर कर दिया था। वेंस ने शुक्रवार को ओहायो में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''हमारे पास एक शानदार गवर्नर पद के उम्मीदवार हैं और मेरा दोस्त विवेक रामास्वामी ओहायो के अगले शानदार गवर्नर भी होंगे।''
वेंस बोले- 'शानदार गवर्नर साबित होंगे विवेक'
वेंस ने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि उस दिन विवेक को मतदान केंद्र जाने के लिए किसी को प्रोत्साहित करने की जरूरत थी। जब मतपत्र पर आपका नाम होता है, तो किसी को आपको मतदान करने के लिए कहने की जरूरत नहीं होती। लेकिन विवेक ओहायो राज्य के लिए एक शानदार गवर्नर साबित होंगे।''
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन से रामास्वामी ने मई में रिपब्लिकन पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीता था। इसके बाद वह नवंबर में होने वाले ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार बने। रामास्वामी ट्रंप के डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) के पूर्व सह-अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अभियान भी शुरू किया था, लेकिन बाद में इससे बाहर हो गए और ट्रंप का समर्थन किया।
कौन हैं विवेक रामास्वामी?
केरल से अमेरिका आए प्रवासी परिवार में जन्मे रामास्वामी का जन्म ओहायो के सिनसिनाटी में हुआ था। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और येल लॉ स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी और वित्तीय क्षेत्रों में काम शुरू किया। रामास्वामी बायोटेक कंपनी रोइवेंट साइंसेज के संस्थापक हैं। वह 2014 से 2021 तक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भी रहे।