31 फीसदी तेजी से वैक्सीन लगा रहा जापान
- फोटो : अमर उजाला
इस साल जापान में ओलंपिक का आयोजन होना है लेकिन वहां कोरोना के बढ़ते मामलों ने विशेषज्ञों समेत सभी लोगों के चैन की नींद उड़ा दी है। ऐसा कहा जा रहा है कि जापान को कोरोना की चौथी इमरजेंसी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अगर सिर्फ गंभीर कोरोना मामलों पर ध्यान दिया तो संक्रमण का स्तर बढ़ सकता है।
बता दें कि जापान में जुलाई के आखिर तक सभी बुजुर्गों का टीकाकरण हो जाएगा और इसके बाद चौथी इमरजेंसी की स्तिति बन सकती है। क्योटो यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर हिरोशी निशिउरा ने जापान के स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय के सलाहकार बोर्ड को एक विश्लेषण रिपोर्ट सौंपी है।
इस रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि देश के ओसाका प्रांत में कोरोना महामारी ने तबाही सी मचा दी है। यह शहर कोरोना की चौथी लहर का सामना कर रहा है। रिपोर्ट में बताया गया कि यहां कोरोना के संक्रमण के मुकाबले स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अस्पतालों में पर्याप्त बिस्तर भी नहीं है।
इसके अलावा ओसाका जैसी स्थिति देश के दूसरे शहरों में भी बनी हुई है या बन रही है। बता दें कि जापान में 20 जून को मौजूदा इमरजेंसी हटाई जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि कोरोना की चौथी इमरजेंसी का सामना करना पड़ सकता है। प्रोफेसर निशिउरा ने कहा कि अगर सिर्फ गंभीर कोरोना मरीजों का ही ध्यान रखा जाएगा तो संक्रमण का स्तर और बढ़ सकता है।
बता दें कि टोक्यो और ओसाका में 21 जून से इमरजेंसी हटा ली जाएगी। सरकार का कहना है ओलंपिक में मात्र 42 दिन बचे हैं, ऐसे में चीजें सामान्य करना ही हमारी प्राथमिकता है। आइए जानते हैं कि सात दिन के मुकाबले कौन-सा देश कितनी तेजी से अपने यहां लोगों को वैक्सीन लगा रहा है...
- जापान - 31 फीसदी
- फिलीपींस - 18 फीसदी
- चीन - 15 फीसदी
- मैक्सिको - 12 फीसदी
- भारत - 8 फीसदी
- ब्राजील - 8 फीसदी
- इंडोनेशिया - 7 फीसदी
- रूस - 5 फीसदी
- अमेरिका - 2 फीसदी
- बांग्लादेश - 1 फीसदी