Japan: जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा कि अमेरिका के साथ टैरिफ समझौते का अध्ययन करने के बाद ही वह इस्तीफे पर फैसला लेंगे। उनकी पार्टी को हाल ही में हुए चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है और उसने दोनों सदनों में बहुमत खो दिया है। जापानी मीडिया के अनुसार, वह अगस्त में अपने इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं।
जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा कि वह अमेरिका के साथ आयात शुल्क (टैरिफ) पर समझौते का अध्ययन करने के बाद अपने पद से इस्तीफा देंगे। उनका यह बयान तब आया है, जब हाल ही में चुनाव में उनकी पार्टी को ऐतिहासिक हार मिली है। इशिबा पर इस्तीफा देने का दबाव लगातार बढ़ रहा है, क्योंकि उनकी सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और सहयोगी दल कोमितो ने रविवार को हुए चुनाव में जापान की दो-सदनीय संसद के ऊपरी सदन (248 सदस्यीय) में अपना बहुमत खो दिया।
विज्ञापन
इस हार का मतलब है कि इशिबा की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार अब दोनों सदनों में बहुमत से बाहर हो गई है। इशिबा की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार पहले ही अक्तूबर में निचले सदन में अपना बहुमत खो चुकी थी। अब दोनों सदनों में बहुमत न होने के कारण उनकी सरकार के लिए कोई भी नीतिगत कदम उठाना और मुश्किल हो गया है, जिससे जापान में राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ गई है।
इशिबा ने सोमवार को एलान किया था कि वह इस्तीफा नहीं देंगे और अमेरिका के साथ जारी टैरिफ वार्ताओं जैसे अहम मुद्दों पर काम जारी रखेंगे, ताकि देश में राजनीतिक खालीपन न आए। लेकिन उनके इस फैसले के बाद उनकी पार्टी के अंदर और बाहर से उनके तुरंत इस्तीफा देने की मांग उठने लगी।
अमेरिका के साथ टैरिफ समझौता होने के बाद अब इशिबा के इस्तीफे का रास्ता साफ होता दिख रहा है। जापानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वह अगस्त में इस्तीफा देने की योजना का जल्द एलान कर सकते हैं।
बुधवार को इशिबा ने उस व्यापार समझौते का स्वागत किया, जिसके तहत जापान से अमेरिका में निर्यात होने वाली कारों और अन्य वस्तुओं पर अब 15 फीसदी टैरिफ लगेगा, जो पहले 25 फीसदी था। उन्होंने कहा कि यह कठिन वार्ताओं का परिणाम है, जो राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए की गई थीं और इससे दोनों देशों को रोजगार और निवेश बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि, इशिबा ने इस्तीफे के बारे में कुछ भी स्पष्ट कहने से इनकार किया और केवल इतना कहा कि वह पहले इस व्यापार समझौते का पूरा अध्ययन करेंगे।