बांग्लादेश में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए जापान ने 170 लाख डॉलर की अतिरिक्त मदद देने का ऐलान किया है। म्यांमार से भागकर आए और दक्षिण पूर्वी बांग्लादेश में शरण लेकर रहने वाले रोहिंग्या अल्पसंख्यकों की बेहतरी के लिए ये फंड दिया जा रहा है। ढाका स्थित जापानी दूतावास ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कॉक्स बाजार में रहने वाले शरणार्थियों की मदद के लिए ये राशि खर्च की जाएगी।
जापानी दूतावास के मुताबिक इस फंड से शरणार्थी शिविरों की हालत सुधारने, साफ पानी, सैनिटेशन से लेकर साफ सफाई तक की व्यवस्था कराने और बच्चों का खास ध्यान रखा जाएगा। जापान सरकार शरणार्थियों को यह मदद संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों की देख रेख में पहुंचाएगी। इनमें यूनिसेफ, यूएनएचसीआर, यूएनएफपीए, आईओएम, यूएन वुमेन, एफएओ जैसी एजेंसियां शामिल हैं।
जापान इससे पहले बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों के बीच काम करने वाले कुछ एनजीओ और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के लिए 950 लाख डॉलर की मदद दे चुका है। अब इस अतिरिक्त मदद से जापान की तरफ से 1120 लाख डॉलर की मदद पहुंची है। माना जा रहा है कि इससे बांग्लादेश सरकार को रोहिंग्या शरणार्थियों का जीवनस्तर सुधारने और ज़रूरी सुविधाएं मुहैय्या कराने में काफी मदद मिलेगी।