जेलेंस्की बोले- दुनिया को मजबूत नेतृत्व की जरूरत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनाव में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की जीत पर प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को बधाई दी है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस जीत को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, ताकि हालात फिर से स्थिर हो सकें और फिर शांति का रास्ता खुले। जेलेंस्की ने यूक्रेन को जापान की ओर से मिल रहे समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि जापान यूक्रेन की आजादी और लोगों की सुरक्षा के लिए सिद्धांतों के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि रूस के साथ चल रहे युद्ध के दौरान जापान की मदद से हजारों-हजारों लोगों की जान बचाई जा सकी है। जेलेंस्की ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को दोबारा मजबूत करने में जापान की भूमिका और ‘कोएलिशन ऑफ द विलिंग’ में उसकी भागीदारी का भी जिक्र किया। साथ ही उम्मीद जताई कि दोनों देश मिलकर आगे भी अच्छे नतीजे हासिल करेंगे।
ये भी पढ़ें:- ईवी सुरक्षा पर चीन का बड़ा फैसला: हिडन डोर हैंडल पर लगाया प्रतिबंध, अब हाथ से खुलने वाले दरवाजे जरूरी
ऑस्ट्रेलिया के पीएम ने दी बधाई
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भी प्रधानमंत्री ताकाइची को चुनावी जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच दोस्ती पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। अल्बानीज़ ने दोनों देशों के रिश्तों को और गहरा करने तथा सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई।
पीएम मोदी ने सनाए ताकाइची को जीत पर दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के प्रतिनिधि सभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने पर ताकाइची को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने भरोसा जताया कि सनाए ताकाइची के नेतृत्व में भारत-जापान मित्रता और अधिक मजबूत होगी और दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
ट्रंप ने भी दी चुनाव में सफलता की शुभकामनाएं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान में हुए संसदीय चुनाव को लेकर ट्वीट कर प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जापान के भविष्य के लिए बेहद अहम है। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री ताकाइची ने एक सक्षम, मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रदर्शन किया है और वे अपने देश के प्रति सच्चे रूप से समर्पित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 19 मार्च को वे व्हाइट हाउस में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
अब सनाए ताकाइची की जीत को समझिए
गौरतलब है कि जापान में हुए आम चुनाव में सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने बड़ी और ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस जीत के साथ प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को अपनी सरकार और नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत जनादेश मिला है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार एलडीपी ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की 465 में से दो-तिहाई से ज्यादा सीटें जीत ली हैं। दो-तिहाई बहुमत का मतलब है कि एलडीपी अब संविधान में बदलाव जैसे बड़े फैसलों को आगे बढ़ा सकती है।
इसके अलावा, अगर संसद के ऊपरी सदन यानी हाउस ऑफ काउंसिलर्स में किसी कानून को मंजूरी नहीं भी मिलती है, तो निचले सदन की ताकत के दम पर सरकार कानून पास करा सकती है। खास बात यह है कि युद्ध के बाद के जापान में पहली बार किसी पार्टी ने इतना बड़ा बहुमत हासिल किया है।
पहले थीं 198 सीटें, लेकिन अब बदल गया आंकड़ा
चुनाव से पहले एलडीपी के पास 198 सीटें थीं, लेकिन इस बार पार्टी ने शानदार बढ़त दर्ज की है। इस बड़ी जीत का श्रेय काफी हद तक प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की लोकप्रियता को दिया जा रहा है। अक्तूबर में पद संभालने के बाद से ही उनकी छवि एक मजबूत नेता के तौर पर बनी है।